इतवारी बाजार में साप्ताहिक बाजार बंद करने का विरोध, व्यापारियों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन..

Spread the love

रायगढ़@टक्कर न्यूज :- रायगढ़ के प्रसिद्ध इतवारी बाजार में रविवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार को बंद किए जाने के फैसले के खिलाफ व्यापारियों ने तीखा विरोध जताया है। इतवारी बाजार संगठन के संयोजक संतोष पांडे के नेतृत्व में व्यापारियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पूर्ववत बाजार लगाने का लिखित आश्वासन देने की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया है कि रियासत काल से चला आ रहा यह साप्ताहिक इतवारी बाजार रविवार को लगता रहा है, जिसमें लगभग 1000 दुकानें साग-सब्जी के साथ-साथ अन्य आवश्यक घरेलू वस्तुओं की बिक्री करती हैं। इस बाजार पर निर्भर सैकड़ों छोटे-बड़े व्यापारियों की एकमात्र आजीविका का साधन यही बाजार है।

व्यापारियों ने याद दिलाया कि जब इस परिसर में ऑक्सीजोन का निर्माण प्रस्तावित किया गया था, तब उन्होंने अपनी रोजी-रोटी छिनने की आशंका जताते हुए रैली और प्रदर्शन किया था। उस समय रायगढ़ विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री माननीय ओ.पी. चौधरी जी ने स्पष्ट आश्वासन दिया था कि ऑक्सीजोन बनने के बाद भी रविवार को साप्ताहिक बाजार पूर्ववत उसी स्थान पर लगेगा। उनके अनुसार सप्ताह के छह दिन ऑक्सीजोन और फूड जोन संचालित होंगे, जबकि सातवें दिन यानी रविवार को बाजार लगेगा और उस दिन ऑक्सीजोन एवं फूड जोन की दुकानें बंद रहेंगी। शासन-प्रशासन की ओर से किसी भी प्रकार की बाधा नहीं होगी।

परंतु पिछले सप्ताह मुख्य द्वार पर ताला लगाकर बाजार लगाने से मना कर दिया गया, जिससे व्यापारियों में गहरी चिंता व्याप्त हो गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि यदि बाजार बंद रहा तो सैकड़ों परिवारों की रोजी-रोटी पर संकट आ जाएगा, क्योंकि इन व्यापारियों के पास कोई अन्य आजीविका का साधन नहीं है।

इतवारी बाजार संगठन ने कलेक्टर महोदय से विनम्र अनुरोध किया है कि माननीय विधायक एवं वित्त मंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन के अनुरूप बाजार को पूर्ववत उसी प्रांगण में लगाने का लिखित आश्वासन तत्काल प्रदान किया जाए, ताकि दुकानदार चिंतामुक्त होकर अपना कार्य संचालित कर सकें।

यह मुद्दा स्थानीय स्तर पर काफी संवेदनशील बन गया है, क्योंकि लंबे समय से चली आ रही इस परंपरा को अचानक रोका जाना सैकड़ों परिवारों के लिए आर्थिक संकट पैदा कर सकता है। प्रशासन से अब इस विवाद का शीघ्र समाधान निकालने की अपेक्षा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *