रायगढ़@TAKKAR न्यूज :- सोशल मीडिया आज के समय में जमीनी हकीकत को सामने लाने का एक सशक्त माध्यम बन गया है। रायगढ़ जिले से एक ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कुडुमकेला गांव के एक ग्रामीण ने वीडियो जारी कर गांव में खुलेआम बिक रही अवैध शराब की पोल खोल दी है। इस वीडियो ने पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।

'गांव में सबसे ज्यादा बिकती है शराब'

वायरल वीडियो में कुडुमकेला के रहने वाले लक्ष्मी नारायण चौहान ने दावा किया है कि उनके गांव में जिले की सबसे ज्यादा शराब बेची जा रही है। ग्रामीण के मुताबिक, हालात इतने खराब हैं कि गांव में महज ₹30 प्रति गिलास के हिसाब से खुलेआम दारू परोसी जा रही है। इस सस्ते और सुलभ नशे की वजह से गांव का माहौल पूरी तरह से खराब हो रहा है।

हादसों का कारण बन रहा नशा, SSP से लगाई गुहार

लक्ष्मी नारायण ने अपने वीडियो में रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन से सीधे तौर पर अपील की है। उन्होंने कहा कि शराब के अत्यधिक सेवन और अवैध बिक्री के चलते इलाके में बड़े और गंभीर हादसे लगातार सामने आ रहे हैं। ग्रामीण ने एसएसपी से इस मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल प्रभाव से शराब माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

मुख्यमंत्री पर लगाए संगीन आरोप

वीडियो में पीड़ित ग्रामीण का गुस्सा सिर्फ स्थानीय प्रशासन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उसने सीधे तौर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पर भी गंभीर आरोप मढ़ दिए। लक्ष्मी नारायण ने अपने बयान में तंज कसते हुए कहा कि "उन्होंने तो फैक्ट्री खोल रखी है।" इस बयान के बाद इलाके में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज होने की संभावना है।