रायगढ़@TAKKAR न्यूज :- शहर के जूटमिल थाना क्षेत्र अंतर्गत छातामुड़ा बाईपास स्थित 'नगमा कबाड़ गोदाम' में शनिवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। दोपहर करीब 12 बजे कबाड़ गोदाम से शुरू हुई आग की लपटों ने देखते ही देखते ऐसा विकराल रूप धारण किया कि करीब 12 घंटे तक पूरा इलाका दहल उठा। इस भीषण अग्निकांड में कबाड़ गोदाम पूरी तरह खाक हो गया, वहीं आग की जद में आने से पास के शोरूम में रखी करीब 150 से 200 नई मोटरसाइकिलें और परिसर में खड़ी एक 'मजदा' चार पहिया गाड़ी जलकर लोहे के मलबे में तब्दील हो गई।
कबाड़ से उठीं लपटें और शोरूम में मच गई तबाही
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कबाड़ गोदाम में लगी आग इतनी भयावह थी कि उसने कुछ ही देर में पड़ोसी बाइक शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। सूत्रों के अनुसार, शोरूम के यार्ड और परिसर में खड़ी लगभग 200 बाइकें इस आग की भेंट चढ़ गईं। कबाड़ और गाड़ियों के टायरों के जलने से आसमान में कई किलोमीटर दूर तक काले धुएं का गुबार देखा गया, जिससे पूरे बाईपास क्षेत्र में दृश्यता बेहद कम हो गई।
बस्ती में मची भगदड़, खाली कराए गए मकान
गोदाम के ठीक पीछे घनी रिहायशी बस्ती होने के कारण हादसा बड़ा रूप ले सकता था। आग की लपटों को बस्ती की तरफ बढ़ता देख इलाके में चीख-पुकार मच गई। जिला प्रशासन और पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षा के लिहाज से गोदाम के पीछे स्थित 8 से 10 मकानों को तुरंत खाली कराया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
मजदूरों में मची अफरा-तफरी, एक महिला घायल
सूत्रों के अनुसार, जब आग लगी तब गोदाम के भीतर करीब 50 मजदूर काम कर रहे थे। आग देखकर बाहर की तरफ भागने के दौरान एक महिला कर्मचारी के सिर पर गंभीर चोट आने की खबर है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में भी पीड़ित महिला कर्मचारी ने इस बात की पुष्टि की है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर अभी किसी के गंभीर हताहत होने की पुष्टि नहीं की गई है।
युद्ध स्तर पर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम, पुलिस और विभिन्न औद्योगिक संयंत्रों की 25 से अधिक दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। देर रात तक दमकलकर्मी जान जोखिम में डालकर आग पर काबू पाने की मशक्कत करते रहे। मौके पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों सहित पुलिस बल तैनात रहा।
आधिकारिक बयान
"प्राथमिकता आग पर पूरी तरह काबू पाने और जनहानि को रोकने की है। आग बुझने के बाद ही कबाड़ गोदाम और शोरूम में हुए वास्तविक नुकसान का सटीक आकलन किया जा सकेगा। हादसे के कारणों और घायलों की संख्या को लेकर पूरी जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी।" – अनिल कुमार सोनी, ए
एसपी (रायगढ़)
टिप्पणियाँ (0)
अपनी टिप्पणी लिखें