MSP स्टील प्लांट में मजदूर की मौत: कन्वेयर बेल्ट में फंसकर गई जान, लोकेश ने MD सहित अधिकारियों पर FIR दर्ज की मांग!!

Spread the love

रायगढ़@टक्कर न्यूज :- एमएसपी स्टील एंड पावर लिमिटेड के चक्रधर नगर प्लांट में एक बार फिर सुरक्षा लापरवाही से मजदूर की दर्दनाक मौत ने कंपनी प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीते 24 नवंबर को ग्राम अमोरा निवासी 38 वर्षीय मजदूर लक्ष्मण साहू कन्वेयर बेल्ट में फंस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

मृतक के परिजनों और स्थानीय नागरिक लोकेश साहू ने बुधवार को थाना चक्रधर नगर में विस्तृत शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कंपनी के एमडी साकेत अग्रवाल, चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर बी.के. सिंह, प्लांट मैनेजर, सुपरवाइजर, सुरक्षा अधिकारी और ठेका प्रबंधक सहित सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तुरंत FIR दर्ज करने की मांग की गई है।

लोकेश साहू ने मीडिया को बताया कि लक्ष्मण साहू को शटडाउन (बंद प्लांट) के काम के लिए बुलाया गया था, लेकिन प्रबंधन और सुपरवाइजर ने दबाव डालकर चालू कन्वेयर बेल्ट के पास खतरनाक इलाके में काम पर लगा दिया। घटना के समय न तो कोई सुरक्षा बेल्ट थी, न लॉकआउट-टैगआउट (LOTO) प्रक्रिया लागू की गई थी और न ही कोई सुरक्षा अधिकारी मौके पर मौजूद था।

शिकायतकर्ता ने गंभीर आरोप लगाया है कि पूरी तरह सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर मजदूर को जानबूझकर मौत के मुंह में धकेल दिया गया। वही लोकेश ने यह भी कहा कि एक और मजदूर की मौत हुई है जोकि जिंदल फोर्टिस में वेंटिलेटर में है और शायद उसकी भी मृत्यु हो चुकी है।

लोकेश ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 (लापरवाही से मृत्यु कारित करना), धारा 125 (जीवन को खतरे में डालने वाला कार्य) एवं धारा 73/74 (सामूहिक आपराधिक दायित्व) के साथ-साथ फैक्ट्री अधिनियम की धारा 7-A, 87 और 88-A के उल्लंघन में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

साथ ही निम्न तत्काल कार्रवाई की मांग की गई हैः

– प्लांट की CCTV फुटेज, मशीन लॉग बुक और सभी सुरक्षा रिकॉर्ड जब्त किए जाएं

– घटना के प्रत्यक्षदर्शी मजदूरों के बयान तुरंत दर्ज हों

– दोषी अधिकारियों व ठेकेदारों पर FIR दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले दो साल में MSP स्टील प्लांट में सुरक्षा लापरवाही से यह चौथी मजदूर मौत है। इसके बावजूद न कंपनी प्रबंधन सुधरा और न ही जिला प्रशासन व फैक्ट्री निरीक्षक विभाग ने कोई सख्त कदम उठाया।

थाना चक्रधर नगर के उप-निरीक्षक ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और उच्च अधिकारियों को अवगत कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इलाके में भारी रोष है। लोकेश साहू ने चेतावनी दी है कि यदि तुरंत FIR दर्ज नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *