रायगढ़ में भरोसे का कत्ल: फ्रेश होने के बहाने घर की चाबी ली और मालिक की उम्र भर की पूंजी लेकर हुआ रफूचक्कर!!

Spread the love

आस्तीन का सांप निकला हेल्पर: जिस थाली में खाया, उसी में किया छेद!!

रायगढ़@टक्कर न्यूज :- कहते हैं कि पसीने की कमाई में बरकत होती है, लेकिन जब नियत में खोट आ जाए, तो सालों का भरोसा चंद मिनटों में राख हो जाता है। रायगढ़ के कोष्टापारा इलाके में एक ऐसी ही वारदात सामने आई है, जहाँ एक मजबूर पिता और उसके परिवार की मेहनत पर ‘आस्तीन के सांप’ ने डंक मार दिया। उदयपुर (राजस्थान) से आकर रायगढ़ की गलियों में आइसक्रीम बेचकर धनराज ओड अपना पेट पालने वाले एक परिवार को उनके ही भरोसेमंद कर्मचारी ने गहरे जख्म दिए हैं।

भरोसे की आड़ में रची गई साजिश: मूलत, उदयपुर के गाडरियावास कुंथवास के रहने वाले धनराज ओड पीड़ित, वर्तमान में देवांगन धर्मशाला के पास किराए के मकान में रहते हैं। वे और उनका परिवार दिन-भर धूप में तपकर आइसक्रीम बेचते हैं ताकि घर का गुजारा हो सके। पीड़ित ने रायपुर निवासी ऋतिक कुमार उर्फ राहुल को बड़ी उम्मीद के साथ मजदूरी पर रखा था, लेकिन उसे क्या पता था कि वह जिसे सहारा दे रहे हैं, वही उनके घर को लूटने की फिराक में है।

तपती दुपहरी और धोखे का खेल: घटना 13 अप्रैल 2026 की है। पीड़ित धनराज हमेशा की तरह अपनी ‘छोटा हाथी’ गाड़ी लेकर आइसक्रीम बेचने पूंजीपथरा गए थे। गौरीशंकर मंदिर के पास लगे ठेले की जिम्मेदारी उनके बेटे पिंटू और हेल्पर ऋतिक के कंधों पर थी। शाम करीब 4:00 बजे, जब बाजार में चहल-पहल बढ़ने लगी थी, ऋतिक ने अपनी चाल चली। उसने बड़े ही मासूमियत से पिंटू से कहा कि उसे ‘फ्रेश’ होने घर जाना है और चाबी मांग ली। घर का सदस्य मानकर पिंटू ने उसे चाबी थमा दी।

शाम ढलती गई, लेकिन ऋतिक वापस नहीं लौटा। जब पिंटू को संदेह हुआ और उसने घर जाकर देखा, तो वहां सन्नाटा था और कमरे का सारा सामान तहस-नहस पड़ा था। ऋतिक नदारद था और उसके साथ गायब थी पीड़ित के जीवन भर की बचत।

मेहनत की कमाई पर हाथ साफ: पीड़ित धनराज जब रात 7:30 बजे घर पहुंचे, तो मंजर देखकर उनकी आंखों के आगे अंधेरा छा गया। अलमारी में रखे आधा किलो चांदी के पायल, आधा किलो का कमरबंध, सोने का मंगलसूत्र, चांदी के ब्रेसलेट और बिछिया समेत करीब ₹1,25,000 के जेवर गायब थे। इतना ही नहीं, आरोपी ने लोहे के गल्ले और छोटे पर्स में रखे ₹29,000 नकद भी नहीं छोड़े। कुल मिलाकर 1,54,000 रुपये की संपत्ति लेकर आरोपी फरार हो गया।

कानून के घेरे में आरोपी: पीड़ित ने नम आंखों के साथ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी ऋतिक उर्फ राहुल के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है। यह घटना समाज के लिए एक कड़ा सबक है कि किसी भी बाहरी व्यक्ति को घर की चाबी सौंपने से पहले उसके चरित्र और पहचान की पुष्टि करना कितना अनिवार्य है। पुलिस की टीमें अब रायपुर और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, ताकि एक गरीब की मेहनत की कमाई उसे वापस मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *