शराब अहाते में युवक की संदिग्ध मौत, शव बाहर मिलने से गरमाया मामला: पीएम रिपोर्ट से ही उठेगा रहस्य से पर्दा!!

अपने आसपास की खबर एवं विज्ञापन के लिए संपर्क करें: 7898273316







रायगढ़ :- शहर के कोतरा रोड स्थित त्रिनिटी होटल के बगल वाले शराब अहाते में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान राजीव नगर (वार्ड नंबर 2) निवासी नारायण साहू (पिता- बूंद राम साहू) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घरेलू कलह के कारण नारायण शराब पीने भट्टी गया था, जिसके बाद अहाते में उसकी अचानक मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया।
शव बाहर मिलने से उठ रहे सवाल:
सूत्रों से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त एक बात ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींचा। चर्चा है कि युवक की मौत अहाते के अंदर हुई थी, लेकिन बाद में कुछ लोगों ने कथित तौर पर शव को अहाते से बाहर निकाल कर रख दिया। शव के इस तरह बाहर मिलने से कई तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। मौके पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या वहां कोई विवाद हुआ था, या महज पुलिस कार्रवाई के डर से घबराहट में शव को बाहर रख दिया गया?
हालांकि, जल्दबाजी होगा कोई भी निष्कर्ष निकालना:
हालांकि, अभी तक इस मामले में न तो पुलिस की कोई जांच रिपोर्ट सामने आई है और न ही शव का पोस्टमार्टम हुआ है। जब तक पोस्टमार्टम की आधिकारिक रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक मौत के कारणों पर कोई भी सीधा दावा करना या सबूत मिटाने जैसे आरोप लगाना जल्दबाजी होगी। फिलहाल यह पूरा मामला सवालों के घेरे में है, जिसकी सच्चाई सिर्फ पुलिस की निष्पक्ष जांच के बाद ही सामने आ सकती है।
पुलिस जांच और सी.सी.टी.वी. पर टिकी निगाहें:
पुलिस ने डेड बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। अब देखना यह है कि पुलिस इस मामले की जांच किस दिशा में आगे बढ़ाती है। क्या पुलिस अहाते और शराब भट्टी के सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी? क्या उस टेबल की फोरेंसिक जांच होगी जहां बैठकर युवक शराब पी रहा था?
फिलहाल सभी को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद ही नारायण साहू की मौत का असली सच सामने आ सकेगा।



