धार्मिक प्रतीकों का अपमान, राष्ट्रद्रोह और वैमनस्य फैलाने के आरोप, सिंधी समाज ने जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी अध्यक्ष अमित बघेल की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की!!

Spread the love

भगवान झूलेलाल, महाराजा अग्रसेन, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय पर अभद्र टिप्पणी से समाज में गहरा आक्रोश!!

रायगढ़@टक्कर न्यूज :- छत्तीसगढ़ में धार्मिक और सामाजिक सौहार्द के माहौल को झकझोर देने वाली घटना के बाद रायगढ़ के सिंधी समाज में गहरा रोष व्याप्त है। जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के अध्यक्ष अमित बघेल के खिलाफ समाज ने गंभीर आपराधिक शिकायत दर्ज कराते हुए उनकी तुरंत गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की है।

सिंधी समाज का आरोप है कि बघेल ने सार्वजनिक रूप से भगवान झूलेलाल — जिन्हें सिंधी समाज में भगवान वरुण देव का अवतार और आराध्य माना जाता है — के प्रति अपमानजनक और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। इतना ही नहीं, उन्होंने सिंधी समाज को “पाकिस्तानी सिंधी” कहकर समाज की राष्ट्रीय अस्मिता, धार्मिक आस्था और भारतीयता पर सीधा प्रहार किया।

शिकायत में कहा गया है कि 26 अक्टूबर 2025 को रायपुर में एक मीडिया कार्यक्रम के दौरान अमित बघेल द्वारा दिए गए बयानों से न केवल सिंधी समाज बल्कि पूरे राष्ट्रवादी समाज की भावनाएं गहराई से आहत हुई हैं। उन्होंने अग्र समाज के आराध्य महाराजा अग्रसेन, राष्ट्रनायक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे महापुरुषों पर भी अत्यंत अशोभनीय और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।

समाज ने पुलिस अधीक्षक को सौंपे जाएगा ज्ञापन जिसमे कहा है कि —

“हम सिंधी समाज के लोग पूर्णतः भारतीय हैं। हमारे पूर्वजों ने भारत की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है। शहीद हेमू कालाणी जैसे वीरों का बलिदान हमारे गौरव का प्रतीक है। हमें पाकिस्तानी कहना राष्ट्रद्रोह से कम नहीं।”

सिंधी समाज ने प्रशासन से मांग की है कि अमित बघेल के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 295ए (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना), धारा 153ए (सम्प्रदायों में वैमनस्य फैलाना), और धारा 124ए (राष्ट्रद्रोह) के तहत अपराध दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाए। समाज ने इस संबंध में अपमानजनक बयान का वीडियो साक्ष्य भी पुलिस को सौंपा है।

समाज ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र और ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे राज्यव्यापी आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। समाज ने कहा है कि वे शांतिप्रिय हैं, परंतु “धर्म, राष्ट्र और आस्था के अपमान पर अब मौन रहना पाप होगा।”

मामले पर रायगढ़ नायब तहसीलदार बंजारे ने इस मामले पर जल्द जांच कर शिकायत दर्ज करने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *