रायगढ़@TAKKAR न्यूज :- देश की माटी पर सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों की गाथाएं वक्त के पन्नों पर कभी धुंधली नहीं पड़तीं, बल्कि वक्त के साथ उनकी चमक और अधिक प्रखर हो उठती है। मणिपुर की दुर्गम पहाड़ियों में पांच वर्ष पूर्व राष्ट्र रक्षा की बलिवेदी पर प्राण न्योछावर करने वाले 46 असम राइफल्स के तत्कालीन कमांडिंग ऑफिसर अमर बलिदानी कर्नल विप्लव त्रिपाठी, उनकी धर्मपत्नी अनुजा और नन्हे बेटे अबीर का अदम्य बलिदान आज भी हर भारतवासी के सीने में देशभक्ति का ज्वार पैदा कर देता है। 13 नवंबर 2021 की उस कायराना आतंकी साजिश ने भले ही रायगढ़ और समूचे देश की आंखें नम कर दी थीं, मगर उस महाबलिदान की गूंज आज शौर्य और राष्ट्रभक्ति के संकल्प में तब्दील हो चुकी है। इसी अमर विरासत को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए ‘शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट’ द्वारा आगामी 13 नवंबर को संस्कारधानी रायगढ़ में भव्य ‘शौर्य दिवस’ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें समूचे छत्तीसगढ़ के 40 अमर शहीद परिवारों का ऐतिहासिक वंदन होगा।
असीम पीड़ा से उपजा राष्ट्र साधना का वटवृक्ष
परिवार के बड़े बेटे, बहू और मासूम पोते को एक साथ खो देने का वज्रपात किसी भी माता-पिता को जीवन भर के अंधकार में धकेलने के लिए काफी था। वरिष्ठ पत्रकार सुभाष त्रिपाठी और माता आशा त्रिपाठी पर जो बीती, उसकी कल्पना मात्र से रूह कांप उठती है। मगर इस वीर दंपती ने अपनी व्यक्तिगत पीड़ा को संकीर्ण दायरे में समेटने के बजाय उसे राष्ट्र साधना का संकल्प बना लिया। आंसुओं को शक्ति में बदलते हुए उन्होंने ‘शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट’ की नींव रखी, जो आज युवाओं में सैन्य चेतना और राष्ट्रभक्ति की अलख जगाने का जीवंत माध्यम बन चुका है। ट्रस्ट की उच्चस्तरीय बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि इस वर्ष का ‘शौर्य दिवस’ केवल एक श्रद्धांजलि सभा नहीं, बल्कि बलिदानियों के ऋण को स्वीकार करने और नई पीढ़ी को देश सेवा के लिए प्रेरित करने का विशाल मंच बनेगा।
पुष्पांजलि से होगी भोर, नन्हे फनकारों की तूलिका उकेरेगी बलिदान गाथा
13 नवंबर की भोर रायगढ़ के लिए कृतज्ञता और गर्व का पैगाम लेकर आएगी। सुबह के प्रथम सत्र में मिनी स्टेडियम (शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम) में स्थापित कर्नल विप्लव की आदमकद प्रतिमा पर सैन्य व नागरिक परंपराओं के साथ पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसके पश्चात सर्किट हाउस मार्ग स्थित पुष्प वाटिका बाल उद्यान में स्थापित देश के सबसे कम उम्र के अमर बलिदानी, नन्हे अबीर की प्रतिमा पर अश्रुपूरित श्रद्धा सुमन अर्पित किए जाएंगे। प्रातः 9 बजे से कमला नेहरू गार्डन में स्कूली बच्चों के लिए विशाल चित्रकला और निबंध लेखन उत्सव का शंखनाद होगा। 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं के भीतर छिपी रचनात्मकता इस दिन कैनवास और पन्नों पर देश के गौरवशाली सैन्य इतिहास को जीवंत करेगी।
शाम के सत्र में सजेगी वीरों की चौपाल, 40 शहीद परिवारों का होगा पावन वंदन
संध्या साढ़े छह बजे से आयोजित होने वाला मुख्य समारोह अत्यंत गरिमामय और भावुक क्षणों का साक्षी बनेगा। पिछले वर्ष 2025 में ट्रस्ट द्वारा रायगढ़ अंचल के 14 वीर परिवारों का वंदन किया गया था, लेकिन इस बार अपने सामाजिक व राष्ट्रीय सरोकार का दायरा बढ़ाते हुए समूचे छत्तीसगढ़ से भारतीय सेना के 40 शहीद परिवारों को आमंत्रित कर उनका सार्वजनिक नागरिक अभिनंदन किया जा रहा है। यह आयोजन इस बात का सशक्त प्रमाण है कि समाज अपने अमर सपूतों के परिजनों को कभी अकेला नहीं छोड़ता और उनका सम्मान सर्वोपरि है।
भविष्य के कर्णधारों की हौसलाअफजाई: सैनिक स्कूल व एनडीए के मेधावियों का अभिनंदन
वर्तमान को नमन करने के साथ-साथ यह मंच देश के सुरक्षित भविष्य को भी संवारने का कार्य करेगा। वर्ष 2025 और 2026 में कठिन राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षाएं उत्तीर्ण कर प्रतिष्ठित सैनिक स्कूलों तथा राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में प्रवेश पाने वाले जिले के होनहार बालक-बालिकाओं को ट्रस्ट द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। यदि प्रशिक्षण या अध्ययन के चलते छात्र स्वयं उपस्थित नहीं हो पाते हैं, तो उनके माता-पिता को मंच पर बुलाकर गौरव पदक व सम्मान पत्र सौंपा जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ी यह समझ सके कि वर्दी का सम्मान क्या होता है।
महामहिम राज्यपाल, मुख्यमंत्री व वित्तमंत्री को आमंत्रण, शहर की प्रमुख संस्थाएं बनीं भागीदार
इस विराट आयोजन की गरिमा को शीर्ष स्तर पर ले जाने के लिए ट्रस्ट द्वारा महामहिम राज्यपाल रमेन डेका, प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्थानीय विधायक व वित्तमंत्री ओपी चौधरी को बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया गया है। नगर का हर प्रबुद्ध नागरिक और सामाजिक संगठन इस अनुष्ठान को सफल बनाने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर जुट चुका है। आयोजन में 28वीं बटालियन एनसीसी, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, पूर्व सैनिक संगठन, दिव्य शक्ति, अग्रसेन सेवा संघ, काव्य वाटिका, साहित्य एवं सांस्कृतिक संस्थान स्पंदन, जेसीआई, बजरंग दल, अमेचर कबड्डी संघ, संस्कार पब्लिक स्कूल, प्रेस क्लब, इप्टा, प्रगतिशील लेखक संघ, सेवानिवृत्त बैंकर्स एसोसिएशन, कहानीबाज़ थियेटर सोसायटी और गुड़ी सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थान जैसी दर्जनों संस्थाओं ने अपनी पूर्ण सहभागिता दर्ज कराई है। यह आयोजन केवल एक तिथि का स्मरण नहीं, बल्कि रायगढ़ की उस पावन माटी का उद्घोष है जो अपने अमर सपूतों की शहादत पर गर्व करना जानती है।
टिप्पणियाँ (0)
अपनी टिप्पणी लिखें