रायगढ़@TAKKAR न्यूज :- निजी लेन-देन और कथित ब्याजखोरी का एक बेहद उलझा हुआ और संगीन मामला अब पुलिस के आला अधिकारियों की चौखट तक पहुंच गया है। एक तरफ जहां सब्जी का व्यवसाय करने वाले एक मध्यमवर्गीय परिवार ने एक लाख रुपये के एवज में आठ लाख रुपये वसूलने, मकान नाम करने का दबाव बनाने और जानलेवा धमकियां देने का सनसनीखेज आरोप लगाया है, वहीं दूसरी तरफ दूसरे पक्ष ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे पुराने कारोबारी लेन-देन की रंजिश और बुजुर्ग पिता के हाथ से नकदी लूटने का सुनियोजित षड्यंत्र करार दिया है। दोनों पक्षों की ओर से थाने और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, जिससे यह विवाद अब पूरी तरह कानूनी जंग में तब्दील हो चुका है।

ब्याज के दलदल में घुटता परिवार, एक लाख के बदले आठ लाख देने के बाद भी मकान पर नजर का आरोप..

मामले की शुरुआत कोतरा रोड निवासी देवांगन परिवार की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत से हुई है। पीड़िता तुलसी देवांगन और उनके पुत्र राम देवांगन का आरोप है कि उन्होंने अपनी पारिवारिक और व्यावसायिक जरूरतों के चलते बादल सिंह राजपूत से 10 प्रतिशत प्रति माह ब्याज पर 1 लाख रुपये का कर्ज लिया था। परिजनों का दावा है कि वे पाई-पाई जोड़कर मूलधन और ब्याज मिलाकर अब तक लगभग 8 लाख रुपये की भारी-भरकम राशि वापस लौटा चुके हैं। इसके बावजूद कथित आरोपी का लालच खत्म नहीं हुआ और वह लगातार उन पर बाकी रकम चुकाने का अनुचित दबाव बना रहा है। तुलसी देवांगन का कहना है कि जब वे अतिरिक्त राशि देने में असमर्थता जताते हैं, तो आरोपी उनके घर आकर खुलेआम गाली-गलौज करता है और मकान को अपने नाम पर रजिस्ट्री करने की धमकी देता है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि बादल आदतन ब्याजखोरी के धंधे में संलिप्त है और लोगों को ब्याज के अंतहीन चक्रव्यूह में फंसाकर प्रताड़ित करता है।

पटेलपाली मंडी जाते वक्त रास्ते में जान से मारने की धमकी, 6:30 बजे शाम को मारपीट का दावा..

पीड़ित परिवार ने पुलिस को दिए बयान में अपनी जान का गंभीर खतरा जताया है। पीड़िता तुलसी देवांगन ने रोते हुए बताया कि वे बेहद सामान्य पृष्ठभूमि से आते हैं और भोर में 3 बजे पटेलपाली मंडी सब्जी बेचने के लिए निकलते हैं। आरोपी बादल सिंह राजपूत द्वारा उनके बेटों को रास्ते में रोककर जान से मारकर फेंक देने की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे पूरा परिवार भारी दहशत के साये में जीने को मजबूर है। पीड़ित राम देवांगन ने आरोप लगाया कि बीते दिन शाम करीब 6:30 बजे कोतरा क्षेत्र में बादल और उसके पिता ने मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना के बाद जब उन्होंने पुलिस में जाने का कदम उठाया, तो घर पर कई अज्ञात लोगों को भेजकर मामले में समझौता करने और रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। भयभीत परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर अपनी जान-माल की रक्षा और आरोपी पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की गुहार लगाई है।

दूसरे पक्ष का तीखा पलटवार: आरोप मनगढ़ंत, नशे की हालत में पिता से 7500 रुपये छीनकर भागा युवक..

दूसरी ओर, इस पूरे विवाद पर बादल सिंह राजपूत ने अपना पक्ष रखते हुए तमाम आरोपों को निराधार और दुर्भावना से प्रेरित बताया है। बादल का कहना है कि देवांगन परिवार के साथ उनका पुराना व्यावसायिक संबंध रहा है और वर्ष 2025 में रामनवमी के दौरान उनके बीच साझा व्यापारिक लेन-देन हुआ था, जिसमें उन्होंने खुद लाखों रुपये का कैश लोन दिया था। बादल के अनुसार, हाल ही में 6 फरवरी को भी उन्होंने फोन-पे के जरिए 10 हजार रुपये का ट्रांजैक्शन किया था, जिसका डिजिटल प्रमाण उनके पास मौजूद है। मकान कब्जाने और अवैध ब्याजखोरी के आरोपों को सफेद झूठ बताते हुए बादल ने कहा कि राम देवांगन अपने पुराने लेन-देन के विवाद को दबाने के लिए अपनी मां को आगे कर झूठे और मनगढ़ंत आरोप गढ़ रहा है।

बादल ने दावा किया कि बीते दिन शाम करीब 7:15 बजे जब वे कोतरा में अंकुर प्रसाद की तैयारी कर रहे थे, तभी राम देवांगन अत्यधिक नशे की हालत में वहां पहुंचा और उनसे 500 रुपये मांगने लगा। जब उन्होंने उसे नशे में होने की बात कहकर वहां से जाने को कहा, तो पास ही खड़े उनके पिता और प्रत्यक्षदर्शी मित्र श्याम शर्मा के सामने राम देवांगन ने उनके पिता के हाथ से 7,500 रुपये नकद झपट्टा मारकर लूट लिए और मौके से फरार हो गया। बादल ने इस घटना की लिखित शिकायत पुलिस से करते हुए बुजुर्ग पिता के साथ अभद्रता और लूटपाट करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

लेन-देन के पुराने बहीखातों और परस्पर शिकायतों की तफ्तीश में जुटी खाकी..

एक ही घटना को लेकर दोनों पक्षों की परस्पर विरोधी दलीलों ने मामले को बेहद संवेदनशील बना दिया है। एक तरफ जहां सब्जी विक्रेता परिवार 1 लाख के एवज में 8 लाख रुपये वसूलने, मारपीट और आतंकित करने का आरोप लगाकर न्याय की मांग कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ दूसरा पक्ष इसे नशे की हालत में की गई 7,500 रुपये की लूट और पुराने कारोबारी लेन-देन को गलत रंग देने का षड्यंत्र बता रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद अब पुलिस दोनों पक्षों के ऑनलाइन बैंक ट्रांजैक्शन, कॉल डिटेल्स और घटनास्थल के आसपास की परिस्थितियों की बारीकी से जांच कर रही है ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।