रायगढ़@TAKKAR न्यूज :- शहर में अवैध सूदखोरी और ब्याज माफियाओं के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका एक सनसनीखेज मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र में सामने आया है। जरूरत के वक्त लिए गए महज एक लाख रुपये के कर्ज के एवज में आठ लाख रुपये वसूलने के बाद भी सूदखोर का पेट नहीं भरा और अब वह पीड़ित परिवार का आशियाना अपने नाम कराने के लिए खुलेआम गुंडागर्दी और जानलेवा धमकियों पर उतर आया है। प्रताड़ना और मारपीट से त्रस्त होकर बावली कुआं निवासी पीड़ित परिवार ने सिटी कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है और सूदखोर पिता-पुत्र के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।

5 साल पहले लिया था एक लाख, फोन-पे और नकद मिलाकर चुकाए 8 लाख रुपये

वार्ड क्रमांक 02, बावली कुआं निवासी तुलसी देवांगन ने पुलिस को सौंपे गए शिकायती पत्र में बताया कि लगभग पांच साल पहले पारिवारिक जरूरत पड़ने पर उनके बेटे ने बैकुंठपुर, कोतरा रोड निवासी बादल सिंह राजपूत से एक लाख रुपये ब्याज पर लिए थे। इसके बाद से लगातार ब्याज और मूलधन की किस्तों की अदायगी की जाती रही। पीड़िता का दावा है कि अब तक उनका बेटा फोन-पे के जरिए लगभग 5 लाख रुपये और नकद रूप में करीब 2 लाख 90 हजार रुपये, यानी कुल मिलाकर लगभग 8 लाख रुपये की भारी-भरकम रकम सूदखोर बादल सिंह को चुका चुका है। मूल रकम से आठ गुना ज्यादा राशि वसूल लेने के बावजूद आरोपी का लालच खत्म नहीं हुआ और वह लगातार पैसों की अवैध मांग कर रहा है।

घर बेचकर रकम दो या मकान नाम करो, वरना बेटे को उठा लेंगे: सूदखोर की धमकी

शिकायत पत्र के मुताबिक, जब पीड़ित पक्ष ने और रकम दे पाने में असमर्थता जताई, तो बादल सिंह राजपूत और उसके पिता विद्या सिंह उर्फ बिद्दू ने पूरे परिवार को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आरोप है कि आरोपी सरेआम गाली-गलौज करते हैं और धमकी देते हैं कि कहीं से भी पैसा लाकर दो, नहीं तो तुम्हारे बेटे का अपहरण कर लेंगे। हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने पीड़ित परिवार पर मकान अपने नाम रजिस्ट्री करने या घर बेचकर अतिरिक्त रकम देने का दबाव बनाना शुरू कर दिया और ऐसा न करने पर पूरे परिवार को जान से मारने और 'जीने नहीं देने' की खुली चेतावनी दी।

थाने में 'सेटिंग' और ब्याज के लाइसेंस का रौब

पीड़िता तुलसी देवांगन ने शिकायत में यह भी गंभीर आरोप लगाया है कि बादल सिंह राजपूत और उसका परिवार आदतन असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त है और सिटी कोतवाली में पूर्व से निगरानी बदमाश के रूप में चिन्हित है। लोगों को डराना-धमकाना और प्रताड़ित करना उनकी आदत बन चुकी है। इतना ही नहीं, आरोपी कानून व्यवस्था को ठेंगे पर रखकर धौंस जमाते हुए कहता है कि पुलिस उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती क्योंकि उसकी पूरी 'सेटिंग' है। आरोपी यह दावा भी करता है कि उसके पास ब्याज का धंधा चलाने का वैध लाइसेंस है और वह सरकार को टैक्स चुकाता है, इसलिए कोई भी कानूनी कार्रवाई उसका कुछ नहीं कर सकती।

बेटे के साथ सरेराह मारपीट, पुलिस पर टिकी निगाहें

शिकायतकर्ता के अनुसार, हाल ही में विवाद इतना बढ़ गया कि बादल सिंह राजपूत और उसके पिता ने मिलकर उनके बेटे के साथ गाली-गलौज करते हुए जमकर मारपीट की। लगातार मिल रही धमकियों और शारीरिक हमले के बाद खौफजदा परिवार ने सिटी कोतवाली थाना प्रभारी के समक्ष उपस्थित होकर आवेदन सौंपा और तत्काल हस्तक्षेप कर आरोपियों पर आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की है। आवेदन पर पुलिस की पावती लग चुकी है। अब देखना यह होगा कि आम जनता को सूदखोरों के चंगुल से बचाने के लिए कानून के रखवाले इस मामले में कितनी तेजी और कड़ाई से कार्रवाई करते हैं।