रायगढ़@TAKKAR न्यूज :- शहर के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिग्नल चौक स्थित शासकीय विदेशी मदिरा दुकान में बीती रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शातिर चोरों ने छत के रास्ते भीतर दाखिल होकर दुकान की दीवार में सेंध लगाई और गल्ले में रखे नकद 15,000 रुपये, महंगी विदेशी शराब की बोतलें तथा सुराग मिटाने की नीयत से काउंटर पर लगा सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर पार कर दिया। सुबह जब कर्मचारी दुकान खोलने पहुंचे, तब इस वारदात का खुलासा हुआ, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

दुकान बंद होने के बाद आधी रात को दिया वारदात को अंजाम

शिकायतकर्ता व दुकान के मुख्य विक्रयकर्ता (सुपरवाइजर) विनोद प्रजापति ने पुलिस को बताया कि शनिवार 7 नवंबर की रात करीब 10:00 बजे शराब की बिक्री बंद कर दी गई थी। इसके बाद कर्मचारियों ने दुकान का बाहरी शटर गिराकर दिनभर की बिक्री का हिसाब-किताब मिलाया और रात लगभग 11:00 बजे गोदाम व मुख्य शटर पर विधिवत ताला लगाकर सभी अपने घर चले गए थे। इसी बीच सूनेपन का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोरों ने दुकान को निशाना बनाया।

छत से घुसे चोर, गोदाम की दीवार तोड़ी और लॉकर काटने की भी की कोशिश

रविवार 8 नवंबर की सुबह करीब 9:30 बजे जब सुपरवाइजर दुकान खोलने पहुंचे, तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए। गोदाम की कुंडी के पास की दीवार टूटी पड़ी थी और गोदाम का गेट खुला हुआ था। अंदर जांच करने पर सामने आया कि अज्ञात चोर छत पर जाने वाली सीढ़ी का दरवाजा तोड़कर भीतर दाखिल हुए थे। चोरों ने गोदाम में रखे लॉकर की दीवार को भी क्षतिग्रस्त कर उसे तोड़ने का भरपूर प्रयास किया था, हालांकि वे लॉकर को तोड़ने में नाकाम रहे। शराब दुकान के भीतर पेटियां और अन्य सामान अस्त-व्यस्त बिखरे पड़े थे।

नकदी, प्रीमियम शराब और सबूत मिटाने डीवीआर भी समेटा

शातिर चोर काउंटर के गल्ले से करीब 15,000 रुपये नकद समेट ले गए। इसके साथ ही उन्होंने गोदाम से '100 पाइपर्स' की दो बोतलें और 'वैलेंटाइन' की एक बोतल विदेशी शराब चोरी कर ली। अपनी पहचान छुपाने और पुलिस जांच को भटकाने के उद्देश्य से चोर काउंटर में लगा सीसीटीवी सेटअप का डीवीआर (डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर) भी उखाड़कर अपने साथ ले गए। इस वारदात में कुल 26,000 रुपये के मशरूका की चोरी आंकी गई है।

बीएनएस की धाराओं में अपराध दर्ज, जांच में जुटी चक्रधरनगर पुलिस

सुपरवाइजर की लिखित शिकायत के आधार पर चक्रधरनगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 305(a) एवं 331(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस टीम घटनास्थल का मुआयना कर आसपास के अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों व मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों का सुराग लगाया जा सके।