रायगढ़@TAKKAR न्यूज :- चक्रधरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थानीय डिग्री कॉलेज से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई 22 वर्षीय युवती के मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। सुप्रीम कोर्ट के हालिया दिशा-निर्देशों और पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर से जारी परिपत्र के अनुपालन में पुलिस ने पूर्व में दर्ज गुमशुदगी के इस प्रकरण को अब भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

कॉलेज आने के बाद से घर नहीं लौटी थी युवती..

प्राप्त विवरण के अनुसार, कोतरारोड थाना क्षेत्र के ग्राम जामपाली निवासी सुरेश यादव (उम्र 57 वर्ष) ने अपनी पुत्री लता यादव (उम्र 22 वर्ष) के लापता होने की मौखिक सूचना 24 जुलाई 2026 को थाने में दर्ज कराई थी। प्रार्थी के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 2:00 बजे उनकी पुत्री डिग्री कॉलेज रायगढ़ से बिना किसी पूर्व सूचना के कहीं चली गई थी। इसके बाद परिजनों ने स्थानीय स्तर पर संभावित ठिकानों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित अपने सभी रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की, किंतु युवती का कोई सुराग नहीं मिल सका। प्रारंभिक सूचना पर चक्रधरनगर थाना पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 62/2026 दर्ज कर वायरलेस संदेश के माध्यम से सभी थानों, पुलिस चौकियों तथा जिला अपराध शाखा (डीसीबी) को हुलिया भेजकर पतासाजी प्रारंभ की थी।

सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर अपहरण का अपराध दर्ज..

मामले में वैधानिक मोड़ तब आया जब पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर के आदेश क्रमांक पुमु अअवि एएचटी सेल 64/2026 (दिनांक 24 सितंबर 2026) के आधार पर प्रत्येक गुम इंसान प्रकरण में प्राथमिकता से एफआईआर दर्ज करने के निर्देश प्रभावी हुए। यह कदम सर्वोच्च न्यायालय नई दिल्ली द्वारा विशेष अनुमति याचिका (क्रिमिनल) क्रमांक 11263/2025 (जी. गणेश विरुद्ध तमिलनाडु राज्य व अन्य) में 22 मई 2026 को पारित आदेश के अनुपालन में उठाया गया है। शीर्ष अदालत के निर्देशों के तहत युवती को अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर अपहरण करने अथवा अवैध रूप से बंधक बनाकर रखने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 140(3) के तहत अपराध क्रमांक 0508/2026 दर्ज किया है।

हुलिए के आधार पर युवती की तलाश तेज..

पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज विवरण के अनुसार, लापता युवती का कद लगभग 5 फीट 3 इंच है, चेहरा गोल, रंग गोरा और बाल काले हैं। घटना के समय उसने पीले रंग का सलवार सूट, पैरों में ब्लैक सैंडल और कानों में टॉप्स पहने हुए थे। पहचान के प्रमुख चिन्ह के रूप में युवती के बाएं हाथ की हथेली पर फूल का टैटू बना हुआ है। वह हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा बोलती है।

थाने के प्रधान आरक्षक महेंद्र कर्ष ने मामले की प्रारंभिक विवेचना संभालते हुए गुमशुदा युवती की सुरक्षित बरामदगी के प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा स्थानीय नागरिकों और विभिन्न सूत्रों से संपर्क साधकर युवती के संबंध में महत्वपूर्ण कड़ियों को खंगाला जा रहा है।