खरसिया@TAKKAR न्यूज :- राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर खनिज संपदा की खुली लूट का बड़ा मामला सामने आया है। ग्राम कुनकुनी स्थित वेदांता रेलवे साइडिंग में कथित तौर पर बड़े पैमाने पर अवैध रेत खपाई जा रही है। आरोप है कि ग्राम जबलपुर के गैर-कानूनी रेत घाट से दिन-रात भारी वाहनों के जरिए रेत का परिवहन कर सीधे साइडिंग में डंपिंग की जा रही है, जिससे शासन को लाखों के राजस्व का चूना लग रहा है।

बिना रॉयल्टी कैसे पार हो रही सीमा?

सवाल उठता है कि NH-49 पर दौड़ते इन ओवरलोड डंपरों के पास क्या वैध रॉयल्टी पर्ची और ई-ट्रांजिट पास हैं? किसी भी बड़े औद्योगिक संस्थान में आने वाले खनिज के वैध दस्तावेजों की जांच अनिवार्य होती है। ऐसे में वेदांता रेलवे साइडिंग प्रबंधन की भूमिका भी संदेह के घेरे में है कि आखिर बिना पुख्ता सत्यापन के यह रेत परिसर के भीतर कैसे उतारी जा रही है।

माइनिंग विभाग की नींद कब खुलेगी?

सड़कों पर खुलेआम रेत का अवैध परिवहन जारी है, लेकिन खनिज विभाग की रहस्यमयी चुप्पी ने निगरानी व्यवस्था की पोल खोल दी है। ग्रामीणों का कहना है कि कार्रवाई केवल कागजों और छोटे वाहनों तक सीमित है, जबकि मुख्य सिंडिकेट बेखौफ चल रहा है।

अब मांग उठ रही है कि जिला प्रशासन तुरंत कुनकुनी साइडिंग में डंप रेत के स्टॉक, आवक रजिस्टर और रॉयल्टी पर्चियों की उच्चस्तरीय जांच कराए। देखना यह है कि प्रशासन इस गठजोड़ पर बुलडोजर चलाता है या रेत का यह काला कारोबार यूं ही फलता-फूलता रहेगा।