रायगढ़@TAKKAR न्यूज :- हर साल की तरह इस बार भी शहर में 2 सितम्बर से ऐतिहासिक जन्माष्टमी मेले और गणेश उत्सव सहित चक्रधर समारोह का आयोजन होना निर्धारित है। सबसे ज्यादा भीड़ जन्माष्टमी मेले के दौरान होती है। जहां हर दिन मेला देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग,आसपास के शहरों और गांवों के अलावा पड़ोसी राज्य उड़ीसा से रायगढ़ आते है। मुख्य रूप से चार दिनों तक चलें वाले जन्माष्टमी मेले में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखना रायगढ़ पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती होती है।

इसे ध्यान में रखते हुए प्रति वर्ष की भांति इस साल भी रायगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने शहर के मुख्य मार्ग को एकांगी घोषित करते हुए, वैकल्पिक रास्ते बनाए है,ताकि लगातार होने वाले आवागमन से शहर में कोई अप्रिय घटना न घटे साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था भी सुचारु रहे। रायगढ़ पुलिस ने पार्किंग के लिए चार अलग_अलग स्थानों जिनमें सिंदूर पार्क,मरीन ड्राइव,गांधी गंज और नटवर स्कूल मैदान को पार्किंग एरिया बनाया है।

इधर पुलिस ने मेला आयोजन समिति को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे मेले वाले स्थान पर सीसीटीवी कैमरों की पर्याप्त व्यवस्था कर लेंवे। साथ ही पुलिस ने भी शहर के चौक चौराहों पर लगे कैमरों को दुरुस्त करने के अलावा ड्रोन कैमरों की व्यवस्था कर ली है।

वही एडिशनल एसपी ट्रैफिक पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि मेले के दौरान पाकेटमारी,चोरी,छींना झपटी और छेड़खानी जैसी अन्य आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने फास्ट एक्शन टीम बनाई है। जिसमें शामिल पुलिस जवान सादे कपड़ों में आम लोगों के बीच तैनात रहेंगे। जवान हर किस्म के बदमाशो पर कड़ी नजर रखेंगे।