रायगढ़@TAKKAR न्यूज :- शहर के सबसे संवेदनशील और हृदय स्थल कहे जाने वाले सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात के बाद पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली और जवाबदेही तय करने के पैमाने पर एक बार फिर गंभीर बहस छिड़ गई है। गौरीशंकर मंदिर रोड और इतवारी बाजार जैसे व्यस्ततम व्यावसायिक इलाके में तड़के करीब दो बजे हुई चोरी की घटना के बाद महकमे ने त्वरित अनुशासनात्मक कदम उठाते हुए रात्रि गश्त पर तैनात एक आरक्षक को निलंबित कर दिया है। लेकिन बिना किसी विस्तृत जांच के हुई इस एकतरफा कार्रवाई ने अब पूरे शहर, प्रबुद्ध वर्ग और विभागीय गलियारों में कई तीखे सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस शहर की सुरक्षा व्यवस्था का दारोमदार महज दो आरक्षकों के कंधों पर टिका हो, वहां किसी घटना के घटित होने पर सिर्फ एक मैदानी सिपाही को ही बलि का बकरा क्यों बनाया गया, जबकि निगरानी तंत्र के शीर्ष पर बैठे उच्चाधिकारियों की जवाबदेही से पूरी तरह किनारा कर लिया गया।

विशाल भौगोलिक क्षेत्र और मुट्ठी भर बल: जमीनी हकीकत की पड़ताल..

सिटी कोतवाली क्षेत्र को रायगढ़ शहर का हृदय स्थल माना जाता है, जिसका भौगोलिक विस्तार अत्यंत विशाल और चुनौतीपूर्ण है। एक ओर ढिमरापुर चौक और स्टेशन चौक की हलचल है, तो दूसरी ओर केलो नदी का तटवर्ती इलाका और कोतरा रोड का लंबा मार्ग इस क्षेत्र की सीमाओं को अत्यंत व्यापक बनाता है। इतने बड़े और सघन आबादी वाले शहरी क्षेत्र की रात्रि कालीन सुरक्षा के लिए व्यावहारिक रूप से कम से कम दस से पंद्रह पुलिसकर्मियों की सक्रिय तैनाती आवश्यक मानी जाती है। परंतु जमीनी सच्चाई यह है कि रात के सन्नाटे में इस पूरे विशाल क्षेत्र की रखवाली के लिए कुल तीन कर्मचारियों का तंत्र ही सक्रिय रहता है। इनमें से एक अधिकारी थाने में रहकर कंट्रोल रूम से मिलने वाली सूचनाओं का समन्वय और फॉलोअप करता है, जबकि केवल दो आरक्षक ही मैदानी स्तर पर उतरकर पूरे शहर में गश्त लगाते हैं।

कंट्रोल रूम के पॉइंट और निजी संसाधनों के सहारे ड्यूटी का संघर्ष..

रात्रि गश्त की कार्यप्रणाली के तहत जब भी कंट्रोल रूम को शहर के किसी हिस्से से कोई सूचना प्राप्त होती है, तो उसे कोतवाली थाने को प्रेषित किया जाता है और थाने में मौजूद अधिकारी गश्त कर रहे आरक्षकों को संबंधित स्थान पर पहुंचने के लिए पॉइंट देते हैं। घटना वाली रात भी गश्त पर तैनात आरक्षक इसी निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने पॉइंट पर सक्रिय थे। यह भी एक सर्वविदित तथ्य है कि कई अवसरों पर रात्रि गश्त करने वाले पुलिसकर्मियों को सरकारी संसाधनों के अभाव में अपनी निजी मोटरसाइकिल और स्वयं के व्यय पर पेट्रोल डलवाकर पूरी रात शहर की सड़कों पर पेट्रोलिंग करनी पड़ती है। सीमित संसाधनों और अपर्याप्त बल के बावजूद ये आरक्षक अपनी कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए रात भर जागते हैं, ताकि शहर के नागरिक चैन की नींद सो सकें।

उत्कृष्ट कार्यशैली वाले आरक्षक पर बिना जांच की कार्रवाई से उठते न्याय के प्रश्न..

जिस आरक्षक के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई है, उनकी पिछली कार्यशैली और विभागीय योगदान पर नजर डालें तो तस्वीर का एक दूसरा ही पहलू सामने आता है। संबंधित आरक्षक पूर्व में कई महत्वपूर्ण और पेचीदा मामलों को सुलझाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं और अपनी कर्मठता के लिए जाने जाते रहे हैं। ऐसे में, बिना किसी गहन जांच या परिस्थितियों का आकलन किए बिना उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर देना न्याय के प्राकृतिक सिद्धांतों पर प्रश्नचिह्न लगाता है। एक अकेले या दो आरक्षकों के लिए यह मानवीय रूप से असंभव है कि वे एक ही क्षण में ढिमरापुर चौक से लेकर कोतरा रोड और इतवारी बाजार तक हर गली-मोहल्ले में एक साथ मौजूद रह सकें। ऐसे समर्पित मैदानी सिपाही को प्रोत्साहन और संसाधन देने के बजाय दंडित करना पूरे पुलिस बल के मनोबल को कमजोर करने वाला कदम साबित हो सकता है।

शीर्ष अधिकारियों की जवाबदेही और व्यवस्थागत सुधार की दरकार..

इस पूरे प्रकरण में सबसे ज्वलंत मुद्दा यह है कि रात्रि गश्त की निगरानी के लिए तैनात शिफ्ट इंचार्ज, जोनल अधिकारी, संबंधित थाना प्रभारी और पर्यवेक्षण अधिकारियों की जिम्मेदारी तय क्यों नहीं की गई। यदि किसी क्षेत्र में गश्त के दौरान कोई चूक हुई है, तो उसकी नैतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारी पूरे पर्यवेक्षण तंत्र की होती है। केवल निचले पायदान पर खड़े आरक्षक पर कार्रवाई कर मामले का पटाक्षेप कर देना समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। वर्तमान परिस्थितियों की मांग है कि पुलिस के उच्चाधिकारी इस मामले की निष्पक्ष समीक्षा करें, निलंबित आरक्षक के पक्ष और मैदानी कठिनाइयों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करें तथा शहर की सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए रात्रि गश्त में पुलिस बल की संख्या में तत्काल वृद्धि करें।