रायगढ़@TAKKAR न्यूज :- इंदिरा नगर में कल शाम करंट लगने से हुई एक युवक की मौत के बाद जो कुछ जिला अस्पताल के मॉर्चुरी होम में हुआ, उसने पूरे जिला चिकित्सालय की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों का आरोप है कि जिस शव को उन्होंने अपनी आंखों के सामने फ्रीजर में सही सलामत रखवाया था, जिस फ्रीजर को उनके सामने चालू किया गया था, वही शव जब सुबह पोस्टमार्टम के लिए बाहर निकाला गया तो आधे से ज्यादा सड़ चुका था, शरीर से खून बह रहा था और उसमें गैस भर चुकी थी। परिजन इसे महज एक तकनीकी खराबी नहीं, बल्कि घोर लापरवाही और फिर उस लापरवाही को छिपाने की कोशिश मान रहे हैं और अब वे सिर्फ आश्वासन नहीं, लिखित जवाब चाहते हैं।

सामने रखा, फोटो लिया, फ्रीजर चालू कराया, फिर भी शव क्यों सड़ा

मृतक रमेश चक्रधारी के भाई गणेश चक्रधारी ने बताया कि कल साढ़े चार बजे वे अपने भाई का शव लेकर अस्पताल पहुंचे थे। करंट से मौत के बाद सारी शासकीय प्रक्रिया पूरी की गई, पंचनामा हुआ और कागजी कार्यवाही के बाद शव को मॉर्चुरी होम में रखने के लिए दिया गया। गणेश का कहना है कि यह सब कुछ उनकी आंखों के सामने हुआ, बॉडी को रखते समय की तस्वीर भी उनके पास मौजूद है और फ्रीजर को चालू करके ही उसमें शव रखवाया गया था। जिस फ्रीजर में शव रखा गया था, आज उसी फ्रीजर से वह बाहर निकला, लेकिन हालत पूरी तरह बदल चुकी थी।

गणेश चक्रधारी ने भावुक होते हुए कहा कि जब वे आज पोस्टमार्टम के लिए शव लेने गए तो वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने कहा कि फ्रीजर में करंट आ रहा है, इसे हाथ मत लगाइए। फ्रीजर को बंद करवाने के बाद परिजनों से ही शव निकलवाया गया और जब शव को बाहर निकालकर देखा गया तो पूरा शरीर फूल चुका था, हर तरफ से खून बह रहा था और गैस भरने से शव बुरी तरह डिकंपोज हो चुका था। परिजनों का सीधा सवाल है कि अगर फ्रीजर खराब ही था तो उन्हें रात भर किस भरोसे पर शव यहां छोड़ने को कहा गया। अगर शव को खुले में ही रखना था तो वे उसे अपने घर में भी रख सकते थे, मॉर्चुरी होम में रखने का फिर क्या फायदा हुआ।

आधी रात खराब हुआ तो पुलिस को कैसे पता चला, परिजनों ने खड़े किए तीखे सवाल

इस पूरे मामले में परिजनों को सबसे ज्यादा खटक रही है वह कहानी जो उन्हें सुनाई जा रही है। डॉक्टरों की ओर से कहा जा रहा है कि आधी रात को अचानक फ्रीजर खराब हो गया। परिजनों का तर्क है कि अगर पूरा ब्लॉक खराब होता है तो सिर्फ एक ही चैंबर कैसे खराब हो सकता है और अगर रात को खराब हुआ तो पुलिस वालों को यह कैसे पता चला कि रात में ही यह खराब हो चुका है। परिजनों को यह भी कहा गया कि फ्रीजर में करंट आ रहा है, इसलिए उसे मत छुइए। गणेश चक्रधारी का आरोप है कि ये सारी बातें बनी बनाई लगती हैं, ताकि डॉक्टरों की गलती को छिपाया जा सके और परिजन शव को छूकर उसकी असली हालत को देख न सकें।

परिजनों का कहना है कि जब आम आदमी से बाहर कोई छोटी सी भी गलती होती है तो उससे लिखित में लिखवाया जाता है और चालान भरवाया जाता है। तो फिर अस्पताल की इस बड़ी लापरवाही पर उन्हें लिखित में जवाब क्यों नहीं दिया जा रहा। उनका सीधा मांग है कि उन्हें लिखित में बताया जाए कि आखिर यहां गलती क्यों हुई, किसकी गलती से हुई और उनके भाई के शव के साथ ऐसा क्यों हुआ। उनके पास इस बात के पूरे सबूत हैं कि उन्होंने शव किस हालत में दिया था और अब शव की क्या हालत है, जिसे कोई भी आकर देख सकता है।

चार शव रखे थे, तीन सुरक्षित, सिर्फ हमारा ही क्यों बिगड़ा

इस मामले ने परिजनों के शक को और गहरा कर दिया है कि मॉर्चुरी में कुल चार शव रखे हुए थे, जिनमें से तीन शव पूरी तरह सुरक्षित हैं, लेकिन सिर्फ रमेश चक्रधारी के शव के साथ ही इतनी बड़ी लापरवाही क्यों हुई। गणेश चक्रधारी ने मांग की है कि जिम्मेदार अधिकारियों के सामने आकर यह बताना चाहिए कि उनके शव के साथ ही ऐसा क्यों हुआ और दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में भी उसी तरह सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, जैसी आम लोगों पर होती है।

मृतक के दूसरे भाई भूषण चक्रधारी ने भी यही बात दोहराई। उन्होंने कहा कि कल उन्होंने प्रशासन के सारे नियमों का पालन करके, पूरी कागजी कार्यवाही करके शव को मॉर्चुरी में रखवाया था। उस समय उन्हें किसी भी प्रकार की कमी के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई। आज जब वे शव लेने आए तो उन्हें बताया जा रहा है कि बॉडी डिकंपोज हो गई है और इसका कारण मॉर्चुरी का खराब होना है। भूषण का कहना है कि यह सीधे तौर पर जिला प्रशासन की कमी है और उन्हें गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब शहर में रहने वाले जागरूक लोगों के साथ ऐसा हो सकता है तो गांव देहात से आने वाले लोगों को किस तरह बेवकूफ बनाया जाता होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। इसलिए वे चाहते हैं कि इसके लिए जिम्मेदार अधिकारी पर सख्त से सख्त कार्रवाई हो।

यह पहली घटना नहीं, मॉर्चुरी में गंदगी और चूहों का भी आरोप

इस मामले में परिजनों के साथ खड़े हुए नगर निगम के पूर्व सभापति जयंत ठेठवार ने कहा कि कल शाम इंदिरा नगर में करंट से हुई मौत के बाद सम्मानित चक्रधारी परिवार ने शासकीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को मॉर्चुरी में रखवाया था। लेकिन यह जिला अस्पताल की कोई पहली घटना नहीं है। यह घटना आज परिजनों के मांग करने पर सामने आई है, वरना इस तरह की लापरवाही निरंतर होती रहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब शव को रखा गया था, तब फ्रीजर को चेक ही नहीं किया गया था। जब वे जाकर मॉर्चुरी में देखें तो वहां इतनी गंदगी थी और चूहा भी दिख रहा था, जो जिला प्रशासन और जिला चिकित्सालय की लापरवाही को साफ दिखाता है।

जयंत ठेठवार ने कहा कि परिजनों की मांग जायज है और अगर कार्रवाई होती है तो वह निष्पक्ष होनी चाहिए। परिजनों को यह कहकर गुमराह किया गया कि बॉडी को टच न करें, इसमें करंट है, ताकि परिजन बॉडी को न छुएं और पोस्टमार्टम का काम पूरा कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ चक्रधारी परिवार की बात नहीं है, इस परिवार की मांग से आने वाले समय में इस तरह की लापरवाही पर अंकुश लगेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो वे जिला प्रशासन के खिलाफ आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में मानवता के खिलाफ खिलवाड़ किया जा रहा है, एक शव के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, जो भावनाओं से जुड़ा होता है। हिंदू धर्म में शव के साथ बहुत सारी भावनाएं और संस्कार जुड़े रहते हैं, लेकिन जिला चिकित्सालय के अधिकारी भावनाओं को ठेस पहुंचाते हुए ऐसा घृणित कार्य कर रहे हैं, जिसकी कार्रवाई निश्चित रूप से अधिकारियों के खिलाफ होनी चाहिए।

सिविल सर्जन बोले, शॉर्ट सर्किट से बिगड़ा टेम्परेचर, एक हफ्ते में होगी कार्रवाई

दूसरी ओर जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. दिनेश पटेल ने इस मामले पर कहा कि किसी कारणवश शॉर्ट सर्किट के चलते फ्रीजर का टेम्परेचर मेंटेन नहीं हो पा रहा था। उन्होंने कहा कि इसमें जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ गंभीर से गंभीर एक्शन लिया जाएगा और एक हफ्ते के अंदर ही वह कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने की बात कही कि भविष्य में ऐसा न हो, इसके लिए रेगुलर हर महीने एमसी की जाएगी, जिससे प्रॉपर टेम्परेचर मेंटेन हो। उन्होंने कहा कि यह मैकेनिकल काम है और इसमें कभी कभी अचानक शॉर्ट सर्किट होने से प्रॉब्लम आ जाती है, इसलिए वे कोशिश करेंगे कि डेली उसका अपडेट हो और टेम्परेचर मेंटेन रहे और वार्ड वाइज स्वीपर अपनी ड्यूटी का प्रॉपर फॉलोअप करें।

पेस्ट कंट्रोल और चूहों की समस्या पर डॉ. पटेल ने कहा कि पेस्ट कंट्रोल के लिए पहले ही टाईअप किया हुआ है और हर पंद्रह दिन में पेस्ट कंट्रोल होता है। वे यह भी सुनिश्चित करेंगे कि प्रॉपर पेस्ट कंट्रोल पीएम सेंटर में भी हो और भविष्य में चूहों वाली प्रॉब्लम न आए। उन्होंने परिजनों को समझाइश देते हुए कहा कि वे उनके रिलेटिव नहीं, मेरे भी रिलेटिव हैं, मैं इस चीज को समझता हूं और भविष्य में ऐसी कोई पुनरावृत्ति नहीं होगी, यह सुनिश्चित करना चाहता हूं।

फिलहाल परिजन सिविल सर्जन के आश्वासन से संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि आश्वासन तो हर बार मिलता है, लेकिन इस बार उन्हें लिखित जवाब चाहिए, जिम्मेदार का नाम चाहिए और ऐसी कार्रवाई चाहिए जो आने वाले समय में किसी और परिवार को इस पीड़ा से न गुजरने दे। अब सबकी नजर इस बात पर है कि एक हफ्ते में होने वाली कार्रवाई की बात क्या सिर्फ एक और आश्वासन बनकर रह जाएगी या इस बार सच में सिस्टम अपनी गलती को स्वीकार करके दोषियों पर कार्रवाई करेगा।