रायगढ़@TAKKAR न्यूज :- जिले में अवैध रेत उत्खनन और अनियंत्रित रफ्तार का खूनी खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला कोतरा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम कलमी का है, जहां आज सुबह बालू से लदे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक स्थानीय युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है और आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर शव के साथ मौके पर ही प्रदर्शन शुरू कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही कोतरा रोड पुलिस बल दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गया है और आक्रोशित भीड़ को शांत कराने की कोशिशों में जुटा हुआ है।
तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ली युवक की जान प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा तब हुआ जब युवक किसी काम से सड़क की ओर जा रहा था। इसी दौरान रेत लोड कर तेज गति से आ रहे एक ट्रैक्टर के चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया और युवक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर का भारी-भरकम पहिया युवक के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसे संभलने का कोई मौका नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
मुआवजे की मांग को लेकर अड़े ग्रामीण, तनावपूर्ण स्थिति युवक की असमय मौत की खबर जैसे ही ग्राम कलमी और आसपास के इलाकों में फैली, ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर जमा हो गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर बालू और अन्य खनिज परिवहन करने वाले ट्रैक्टर बेहद लापरवाही और तेज रफ्तार से चलते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए मृतक के परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग रख दी है। ग्रामीणों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस आश्वासन नहीं मिल जाता, वे शव को मौके से नहीं उठने देंगे।
कोतरा रोड पुलिस मौके पर मौजूद, समझाइश का दौर जारी घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतरा रोड थाना प्रभारी अपनी पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस की टीम किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए घटनास्थल पर तैनात है और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है। पुलिस अधिकारी आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों से लगातार बातचीत कर उन्हें शांत कराने और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील कर रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों को भी मामले की जानकारी दे दी गई है ताकि मुआवजे की प्रक्रिया पर चर्चा कर जल्द से जल्द गतिरोध को समाप्त किया जा सके और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सके।
टिप्पणियाँ (0)
अपनी टिप्पणी लिखें