रायगढ़@TAKKAR न्यूज :- रायगढ़ जिले में खनिज माफियाओं और अवैध परिवहनकर्ताओं के खिलाफ खनिज विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। विभाग की टीम ने पूजीपथरा क्षेत्र में औचक निरीक्षण के दौरान रेत का अवैध परिवहन कर रहे 11 ट्रैक्टरों को रंगे हाथों पकड़कर जप्त किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, खनिज विभाग को पूजीपथरा इलाके में बिना वैध दस्तावेजों के बड़े पैमाने पर रेत परिवहन की लगातार सूचना मिल रही थी। टीम ने घेराबंदी कर रेत से लदे वाहनों की जांच की। जांच के दौरान किसी भी ट्रैक्टर चालक के पास वैध रॉयल्टी पर्ची नहीं मिली।

विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 11 ट्रैक्टरों को तत्काल प्रभाव से जप्त कर लिया और उन्हें सुरक्षा की दृष्टि से पूजीपथरा थाने के सुपुर्द कर खड़ा कराया गया है।

अधिकारियों का कहना है कि खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पकड़े गए सभी वाहनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। खनिज विभाग की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध रेत कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।