रायगढ़@TAKKAR न्यूज :- धरमजयगढ़ में 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के भव्य आयोजन के बीच एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। एक तरफ जहां प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, कई दिग्गज मंत्रियों और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नितिन नवीन की मौजूदगी के लिए करोड़ों रुपये की लागत से विशाल व्यवस्थाएं की गई हैं, वहीं दूसरी ओर जशपुर के पहाड़ी क्षेत्रों से आए आदिवासी समुदाय के विरोध ने पूरे कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और समन्वय पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

तीर-धनुष पर छिड़ा संग्राम: न्योता देकर अपमान करने का आरोप

इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई जब जशपुर जिले के पहाड़ी इलाकों से आए आदिवासी समूह को कार्यक्रम स्थल के मुख्य द्वार पर ही सुरक्षाकर्मियों ने रोक दिया। प्रदर्शन कर रहे आदिवासियों का आरोप है कि उन्हें मंत्रियों और आयोजकों की ओर से बाकायदा न्योता भेजा गया था कि वे अपनी पारंपरिक वेशभूषा के साथ तीर-धनुष और बाण लेकर इस गौरव दिवस में शामिल हों। लेकिन जब वे इस निर्देश का पालन करते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, तो वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उनके पास धनुष-बाण होने का हवाला देते हुए उन्हें भीतर प्रवेश करने से मना कर दिया और बाहर निकाल दिया।

"आदिवासी मुख्यमंत्री के राज में हम ही कार्यक्रम से बाहर क्यों?"

कार्यक्रम स्थल से बाहर किए जाने के बाद पहाड़ी आदिवासियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने इसे अपने मान-सम्मान और सांस्कृतिक पहचान पर सीधा चोट बताया। नाराज ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री स्वयं आदिवासी समाज से आते हैं और संयोग से वे भी उन्हीं के गृह जिले जशपुर के निवासी हैं। आदिवासियों का कहना है कि जब प्रदेश के मुखिया खुद आदिवासी हैं और कार्यक्रम के भीतर मौजूद हैं, तो फिर उन्हीं के समाज के गौरव दिवस से उन्हें बाहर क्यों रखा जा रहा है। समुदाय के लोगों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि तीर-धनुष उनकी अस्मिता का प्रतीक है और यदि उन्हें इसके साथ अंदर नहीं जाने दिया जाएगा, तो वे इस पूरे कार्यक्रम का बहिष्कार करेंगे।

समन्वय की कमी या सुरक्षा प्रोटोकॉल: प्रशासन के सामने बड़ा सवाल

इस घटनाक्रम ने आयोजकों और सुरक्षा एजेंसियों के बीच आपसी तालमेल की कमी को उजागर कर दिया है। जहां एक ओर VVIP सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री और अन्य वरिष्ठ मंत्रियों की सुरक्षा को देखते हुए किसी भी प्रकार के हथियार—चाहे वे पारंपरिक ही क्यों न हों—को सभा स्थल के भीतर ले जाने पर सख्त पाबंदी रहती है, वहीं दूसरी ओर आमंत्रण देने वाले जिम्मेदार लोगों ने इस नियम को नजरअंदाज करते हुए ग्रामीणों को तीर-धनुष लाने का संदेश दे दिया। अब कार्यक्रम का बहिष्कार कर रहे आदिवासियों ने प्रशासन के सामने यह बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि जिन लोगों के कहने पर वे इतनी दूर से आए और जिन्हें अब अपमानित होकर बाहर जाना पड़ रहा है, उन जिम्मेदार लोगों पर सरकार और प्रशासन क्या कार्रवाई करेगा।