रायगढ़@TAKKAR न्यूज :- प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सख्त रुख और जनहित के मुद्दों पर तीखे तेवर रखने वाले छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी शनिवार को शहर के विकास कार्यों की हकीकत जांचने सीधे जमीन पर उतरे। फाइलों की औपचारिक समीक्षा से इतर वे खुद चिलचिलाती धूप और धूल के बीच निर्माण स्थलों पर पहुंचे और एक-एक ईंट, गर्डर व कंक्रीट की गुणवत्ता को बारीकी से परखा। शहर के अहम प्रोजेक्ट्स में काम की सुस्त चाल देखकर मंत्री चौधरी का पारा चढ़ गया। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि जनता के पैसों से हो रहे विकास कार्यों में हीलाहवाली किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि तय समय-सीमा में काम की गति नहीं सुधरी और गुणवत्ता में जरा भी खोट मिला, तो संबंधित ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने के साथ अधिकारियों की जवाबदेही तय कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गोवर्धनपुर पुल निर्माण में देरी पर लाल हुए मंत्री, अफसरों को मंथली टारगेट का अल्टीमेटम

निरीक्षण के दौरान मंत्री का सबसे सख्त रुख गोवर्धनपुर-रामपुर मार्ग में केलो नदी पर बन रहे उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग के निर्माण स्थल पर देखने को मिला। स्थानीय आवागमन के लिहाज से रीढ़ माने जाने वाले इस पुल की धीमी प्रगति को देखकर उन्होंने सेतु विभाग के कार्यपालन अभियंता और प्रोजेक्ट इंजीनियर्स की जमकर क्लास लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बरसात का मौसम खत्म हो चुका है और निर्माण के लिए सबसे मुफीद समय आ गया है, ऐसे में किसी भी प्रकार का बहाना नहीं चलेगा। सेतु विभाग को दोटूक निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि हर महीने का कड़ा टारगेट निर्धारित किया जाए और उस टारगेट की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाए। पुल के साथ-साथ पहुंच मार्ग के निर्माण और अड़चन बन रहे बिजली के खंभों की शिफ्टिंग का काम समानांतर चलाकर जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि जनता को इस पुल की सौगात समय पर मिल सके।

मरीन ड्राइव की बदलेगी सूरत, नदी के बीच वॉकवे और हाईवे कनेक्टिविटी पर जोर..

रायगढ़ शहर को आधुनिक स्वरूप देने के लिए बेलादुला मरीन ड्राइव, रपटा, स्टाफ डैम और एसईसीएल मरीन ड्राइव क्षेत्र का भी मंत्री ने गहराई से मुआयना किया। उन्होंने अफसरों को चेताया कि कोई भी ढांचा केवल कागजी ड्राइंग-डिजाइन तक सीमित न रहे, बल्कि जमीनी स्तर पर स्थानीय नागरिकों की सहूलियत और सुरक्षा के अनुरूप ढले। बेलादुला में बन रहे रपटा व स्टाफ डैम को जनहित के अनुकूल बनाने के साथ ही उन्होंने केलो नदी के बीच आकर्षक वॉकवे निर्माण की संभावनाओं पर तत्काल व्यवहार्य डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया। इसके अलावा, मरीन ड्राइव को शहर की मुख्य सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए नए कनेक्टिविटी कॉरिडोर का एस्टीमेट अविलंब शासन को भेजने को कहा गया, जिससे भविष्य में यातायात सुगम हो सके और शहरवासियों को एक नया रिवरफ्रंट मिल सके।

ऑक्सीजोन और बुनियादी ढांचों में गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता..

शहरी पर्यावरण को मजबूती देने वाली राजीव नगर दूध डेयरी ऑक्सीजोन परियोजना सहित अन्य निर्माण स्थलों का जायजा लेते हुए मंत्री ने हाउसिंग बोर्ड, लोक निर्माण विभाग और नगर निगम को अंतर्विभागीय तालमेल बिठाकर काम करने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि रायगढ़ का कायाकल्प तभी संभव है जब विभाग आपसी समन्वय से काम करें और निर्माण में इस्तेमाल हो रही सामग्री की गुणवत्ता पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाए। घटिया निर्माण सामग्री पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने जैसी सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी उन्होंने दी।

निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अमले में महापौर जीवर्धन चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित सेतु विभाग, पीडब्ल्यूडी, हाउसिंग बोर्ड व एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारी, कार्यपालन अभियंता और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जिन्हें मंत्री ने काम में तत्काल रफ्तार दिखाने के कड़े फरमान जा

री किए।