रायगढ़@TAKKAR न्यूज :- शहर में बेखौफ चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हो चुके हैं, इसकी एक ताजा और चौंकाने वाली बानगी कोतवाली थाना क्षेत्र के नया जगतपुर इलाके में देखने को मिली है। चोरों ने रात के अंधेरे का इंतजार किए बिना दिनदहाड़े एक शासकीय हाई स्कूल की प्राचार्य के सूने मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। ढिमरापुर ब्रेड फैक्टरी के पास हुई इस सनसनीखेज घटना ने न केवल स्थानीय निवासियों को दहशत में डाल दिया है, बल्कि शहर की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ड्यूटी पर गई थीं प्राचार्य, पीछे से चोरों ने दरवाजे में कर दिया बड़ा छेद

मिली जानकारी के अनुसार, नया जगतपुर ढिमरापुर ब्रेड फैक्टरी के समीप अपने परिवार के साथ निवास करने वाली श्रीमती थेओदोरा लकडा शासकीय हाई स्कूल गोरखा में प्राचार्य के पद पर पदस्थ हैं। रोजाना की तरह 24 नवंबर 2026 को सुबह करीब साढ़े नौ बजे वे अपने मकान के मुख्य दरवाजे पर ताला लगाकर ड्यूटी के लिए स्कूल चली गई थीं। घर में किसी के न होने का फायदा उठाकर अज्ञात शातिर चोरों ने सुबह साढ़े नौ बजे से दोपहर ढाई बजे के बीच घर में सेंधमारी की। चोरों ने बेहद शातिराना अंदाज में घर के प्लाई के दरवाजे में एक बड़ा सा छेद कर दिया और भीतर दाखिल होकर इत्मीनान से पूरे घर को खंगाल डाला।

बच्चों की मदद से खुला दरवाजा, अंदर का नजारा देख उड़े होश

दोपहर करीब ढाई बजे जब प्राचार्य श्रीमती थेओदोरा लकडा स्कूल से वापस अपने घर लौटीं, तो उन्हें आंगन के दरवाजे की कुंडी अंदर से बंद मिली। काफी प्रयास के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए छोटे बच्चों को अंदर प्रवेश कराकर दरवाजे की कुंडी खुलवाई। जैसे ही वे घर के भीतर दाखिल हुईं, अंदर का मंजर देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर का सारा सामान अस्त-व्यस्त और इधर-उधर बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि चोरों ने टेबल के ऊपर रखे करीब दस हजार रुपये कीमत के सोने के कान की लड़ी, चार हजार रुपये कीमत की एक कार की बैटरी के साथ-साथ घर में रखी खाद्य सामग्री काजू, बड़ी और अन्य घरेलू सामान पर हाथ साफ कर दिया है।

कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया मामला, अज्ञात आरोपियों की तलाश तेज

चोरी गए कुल सामान की कीमत करीब 14 हजार रुपये आंकी गई है। घटना के बाद पीड़िता ने अपने स्तर पर आसपास काफी पतासाजी की, लेकिन जब चोरों का कोई सुराग नहीं लगा, तो उन्होंने कोतवाली थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की मौखिक रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 और 331(2) के तहत अपराध क्रमांक 0692/2026 पंजीबद्ध कर लिया है। मामले की विवेचना उप निरीक्षक ए.के. देवांगन द्वारा की जा रही है और पुलिस आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश में जुट गई है।