रायगढ़@TAKKAR न्यूज :- औद्योगिक नगरी रायगढ़ के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे भारी-भरकम सुरक्षा व्यवस्था वाले औद्योगिक प्लांट्स को भी सीधा निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। ताजा मामला पूंजीपथरा थाना अंतर्गत ग्राम चिराईपानी स्थित वेजरन इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड का है, जहां अज्ञात चोरों ने प्लांट की बाउंड्रीवॉल फांदकर भीतर प्रवेश किया और भट्टी को गर्म करने के लिए इस्तेमाल होने वाले कीमती कॉपर ट्यूब (तांबे के पाइप) पर हाथ साफ कर दिया। इस वारदात ने जहां एक तरफ प्लांट प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है, वहीं दूसरी तरफ औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस की रात्रि गश्त और मुस्तैदी पर भी हल्के-फुल्के मगर तीखे सवाल खड़े कर दिए हैं।
बाउंड्रीवॉल के पीछे से दाखिल हुए शातिर चोर
मिली जानकारी के अनुसार, रायगढ़ के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत टीवी टावर रोड स्थित साईं विहार कॉलोनी निवासी 36 वर्षीय दीप मुखर्जी (पिता विधन मुखर्जी), जो कि चिराईपानी स्थित वेजरन इंडस्ट्रीज प्रा. लि. में जनरल मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं, उन्होंने इस चोरी की लिखित शिकायत पूंजीपथरा थाने में दर्ज कराई है। प्लांट में वर्तमान में एसएमएस बिलेट का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसमें भट्टी को गर्म रखने के लिए विशेष रूप से निर्मित कॉपर ट्यूब का उपयोग किया जाता है। प्रबंधन के मुताबिक, कार्यक्षेत्र में रखा गया यह सामान पूरी तरह सुरक्षित था, लेकिन बीते 23 नवंबर की सुबह करीब 8 बजे जब सुरक्षाकर्मी और वर्कर नियमित जांच के लिए पहुंचे, तो उनके होश उड़ गए। मौके से दो नग कीमती कॉपर पाइप ट्यूब गायब थे।
तलाश के बाद भी नहीं लगा सुराग, 45 हजार की चपत
चोरी की भनक लगते ही प्लांट परिसर में हड़कंप मच गया। प्रबंधन और सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल पूरे प्लांट परिसर और बाउंड्रीवॉल के बाहरी इलाकों में सघन खोजबीन की, लेकिन शातिर चोरों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात चोर प्लांट के पीछे की बाउंड्रीवॉल के रास्ते भीतर घुसे और बेहद इत्मीनान से इस वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। चोरी गए कॉपर ट्यूब का कुल वजन लगभग 20 किलोग्राम बताया जा रहा है, जिसकी बाजार कीमत करीब 45 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस की सुस्त गश्त या सुरक्षा में चूक?
पूंजीपथरा का यह औद्योगिक इलाका हमेशा से संवेदनशील माना जाता रहा है, जहां कबाड़ चोरों और उठाईगीरों की सक्रियता किसी से छिपी नहीं है। ऐसे में प्लांट के भीतर घुसकर 20 किलो वजनी तांबे के पाइप ले जाना इस बात की ओर इशारा करता है कि चोरों को न तो प्लांट के सुरक्षा गार्डों का खौफ था और न ही इलाके में होने वाली पुलिस गश्त की कोई परवाह। हालांकि, मामले की सूचना मिलने के बाद पूंजीपथरा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(a) और 331(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले की जांच प्रधान आरक्षक पारसमणी बेहरा को सौंपी गई है। अब देखना यह होगा कि पुलिस की तफ्तीश इन अज्ञात चोरों की गिरेबान तक कब तक पहुंच पाती है या फिर यह मामला भी फाइलों की धूल फांकता रह जाएगा।
टिप्पणियाँ (0)
अपनी टिप्पणी लिखें