रायगढ़@TAKKAR न्यूज :- जिला मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम बरलिया में वन विभाग और वन उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने मंगलवार को एक रिहायशी मकान में छापा मारा। इस कार्रवाई के दौरान परिसर से भारी मात्रा में बीजा लकड़ी के लट्ठे, चिरान और कटाई में प्रयुक्त कटर मशीन सहित अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। मामले में मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, वहीं जब्त लकड़ी और मशीनों को वन डिपो भेज दिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर गठित हुई संयुक्त टीम
विभागीय जानकारी के अनुसार, ग्राम बरलिया स्थित एक मकान में बिना किसी वैध अनुमति के भारी मात्रा में लकड़ी डंप कर रखे जाने और मशीनों से चिरान किए जाने की सूचना वन विभाग को मिली थी। इस इनपुट के आधार पर वन उड़नदस्ता और स्थानीय परिक्षेत्रीय अमले की संयुक्त टीम तैयार की गई। योजनाबद्ध तरीके से टीम ने संबंधित मकान की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
परिसर से लकड़ी और उपकरण बरामद
तलाशी के दौरान मकान के भीतर बीजा प्रजाति की लकड़ी के लट्ठे और पहले से कटी हुई चिरान रखी मिली। इसके साथ ही मौके पर लकड़ी कटाई में उपयोग की जा रही कटर मशीन, ब्लेड और नाप-जोख से संबंधित उपकरण भी पाए गए। वन अमले ने पंचनामा तैयार कर मौके से प्राप्त समस्त लकड़ी और उपकरणों को जब्त कर लिया। इसके बाद वाहनों के माध्यम से सभी सामग्री को आगे की जांच और मूल्यांकन के लिए वन डिपो भिजवा दिया गया।
एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी
छापेमारी के समय मौके पर मौजूद एक व्यक्ति को वन अमले ने हिरासत में लिया। विभागीय अधिकारियों द्वारा उससे लकड़ी के भंडारण, परिवहन और संबंधित अनुमतियों के संबंध में दस्तावेज मांगे गए हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि यह लकड़ी कहां से लाई गई थी और इसके भंडारण का क्या उद्देश्य था।
रेंजर संजय लकड़ा का पक्ष
कार्रवाई के संदर्भ में रेंजर संजय लकड़ा ने बताया कि ग्राम बरलिया में अवैध रूप से लकड़ी डंप होने और उसकी कटाई किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर उड़नदस्ता और स्थानीय अमले द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की गई। मौके से बीजा लकड़ी, तैयार चिरान और कटर मशीन बरामद की गई है। संदेही से पूछताछ की जा रही है तथा दस्तावेजों की जांच के उपरांत वन अधिनियम के तहत विधिवत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
टिप्पणियाँ (0)
अपनी टिप्पणी लिखें