रायगढ़@TAKKAR न्यूज :- सोशल मीडिया और अजनबी लोगों पर अंधाधुंध विश्वास करना कितना भारी पड़ सकता है, इसका एक खौफनाक मामला रायगढ़ जिले से सामने आया है। खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक शख्स ने पहले 40 वर्षीय महिला को अपने प्रेम जाल में फंसाया, फिर शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। हद तो तब हो गई जब उसने चोरी-छिपे बनाए गए महिला के प्राइवेट और अंतरंग वीडियो इंस्टाग्राम और फेसबुक पर अपलोड कर दिए।

चक्रधरनगर पुलिस ने महिला संबंधी अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति और “अभियान संवेदना” के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा है। चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिसवाला बनकर रौब झाड़ने वाला यह आरोपी असल में एक सिक्योरिटी गार्ड निकला।

कोरबा रेलवे स्टेशन से शुरू हुआ था खेल

जानकारी के मुताबिक, थाना चक्रधरनगर क्षेत्र की रहने वाली 40 वर्षीय पीड़िता ने 28 मई 2026 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि मार्च 2026 में वह एक धार्मिक कार्यक्रम में कोरबा गई थी। वहीं रेलवे स्टेशन पर उसकी मुलाकात बिलासपुर (मस्तुरी) निवासी 31 वर्षीय अक्षय कुमार कुम्हरानी से हुई। अक्षय ने महिला का नंबर लिया और बातचीत शुरू कर दी। महिला को इम्प्रेस करने के लिए उसने खुद को पुलिस विभाग में तैनात बताया और अपनी वर्दी वाली तस्वीरें भी भेजीं। (बाद में पता चला कि वह सिक्योरिटी गार्ड की वर्दी थी)।

शादी का प्रलोभन और चोरी-छिपे बनाए वीडियो

जब आरोपी अक्षय को पता चला कि महिला अपने गांव में अकेली रहती है, तो वह वहां पहुंच गया। उसने महिला को शादी का झांसा दिया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान इस शातिर आरोपी ने महिला को बिना बताए उसके अंतरंग फोटो और वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए।

रायपुर के अस्पताल में भी किया टॉर्चर, फिर कर दिए वीडियो वायरल

महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि 7 मई 2026 को वह अपनी बीमार मां के इलाज के लिए रायपुर के मेकाहारा अस्पताल गई थी। आरोपी अक्षय वहां भी पहुंच गया और उसे घुमाने के बहाने ले गया। वहां उसने महिला को प्राइवेट वीडियो दिखाकर ब्लैकमेल करना शुरू किया और संबंध बनाए रखने का दबाव डाला। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो सनकी आरोपी ने 27 मई 2026 को उसके अश्लील फोटो और वीडियो इंस्टाग्राम और फेसबुक पर अपलोड कर दिए। इसके अलावा वह व्हाट्सएप पर जान से मारने की धमकियां भी देने लगा।

चक्रधरनगर पुलिस और साइबर सेल का एक्शन

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चक्रधरनगर थाना पुलिस और साइबर सेल की एक संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी अक्षय कुमार कुम्हरानी (31) को रायगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से वह मोबाइल (Realme C-3) भी जब्त कर लिया है जिससे वीडियो बनाए और अपलोड किए गए थे।

आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69, 296, 351(3) और आईटी एक्ट की धारा 66-E, 67, 67-A के तहत मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राकेश मिश्रा, साइबर सेल और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।

एसएसपी की जनता से अपील

रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने इस मामले पर सख्त संदेश देते हुए कहा, "महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े अपराधों में रायगढ़ पुलिस कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है। सोशल मीडिया के माध्यम से ब्लैकमेलिंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।" इसके साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अजनबी लोगों और उनकी झूठी पहचान के झांसे में आने से बचें।