डेस्क रिपोर्ट@TAKKAR न्यूज :- रविवार की सुबह एक वीआईपी सर्किट हाउस के स्टोर रूम में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। शॉर्ट सर्किट की वजह से भड़की इस आग ने चंद मिनटों में ही लाखों का नुकसान कर दिया। घटना सुबह करीब 6 बजे की है, जब ज्यादातर लोग नींद में थे। गनीमत यह रही कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बहुत बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, इस भयानक अगलगी में करीब 3 लाख रुपये का भारी नुकसान हुआ है। स्टोर रूम में रखा फ्रिज, भारी मात्रा में राशन और अन्य कीमती सामान पूरी तरह से जलकर आग की भेंट चढ़ गए। आइए आपको बताते हैं कि यह खौफनाक घटना आखिर किस जिले में हुई है।

यहाँ की है घटना...

दरअसल, आग लगने की यह पूरी घटना गरियाबंद जिले की है। गरियाबंद के सर्किट हाउस में आज सुबह-सुबह शॉर्ट सर्किट ने यह तबाही मचाई। स्टोर रूम से तेज धुआं और लपटें उठती देख वहां मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में फायर ब्रिगेड को कॉल किया गया। दमकल कर्मियों की मुस्तैदी के चलते आग को स्टोर रूम तक ही सीमित रखा गया और सर्किट हाउस के बाकी हिस्सों को सुरक्षित बचा लिया गया। फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभाग आग से हुए नुकसान का विस्तृत आकलन करने में जुटे हैं।