रायगढ़@TAKKAR न्यूज :- शहर की सड़कों पर कानून-व्यवस्था और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों पर रायगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। पुलिस प्रशासन के इस ताबड़तोड़ एक्शन से स्टंटबाजों, नशेड़ियों और नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मच गया है। पिछले कुछ समय से शहर में लगातार मिल रही शिकायतों और बिगड़ती यातायात व्यवस्था को गंभीरता से लेते हुए ट्रैफिक पुलिस ने यह कड़ा कदम उठाया है। इस बड़ी कार्रवाई के तहत नियमों का घोर उल्लंघन करने वाले करीब 230 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) सस्पेंड कर दिए गए हैं। इस बहुचर्चित कार्रवाई की पुष्टि ट्रैफिक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल ने की है।

नियमों को ताक पर रखने वालों पर कड़ा प्रहार..

शहर की सड़कों पर बेलगाम रफ्तार और हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने विशेष अभियान चलाया है। पुलिस की यह कार्रवाई उन तमाम लापरवाह चालकों के लिए एक सख्त संदेश है, जो अपनी और दूसरों की जान को खतरे में डालकर सड़कों पर कानून की धज्जियां उड़ाते हैं।

इस विशेष अभियान के दायरे में वे तमाम लोग आए हैं जो शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन चला रहे थे, जिनके पास गाड़ी के वैध दस्तावेज या फिटनेस सर्टिफिकेट नहीं थे, जो शहर की घनी आबादी और मुख्य मार्गों पर अपनी गाड़ियों को अंधाधुंध तेज रफ्तार से दौड़ा रहे थे, या फिर मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर बुलेट से गोलियों जैसी आवाज और पटाखे फोड़कर आतंक मचा रहे थे। ट्रैफिक पुलिस ने ऐसे तमाम तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सीधी और निर्णायक कार्रवाई की है।

सोशल मीडिया पर शोबाजी पड़ी भारी..

आजकल के युवाओं में सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज पाने का क्रेज इस हद तक बढ़ गया है कि वे ट्रैफिक नियमों को भूलकर खतरनाक स्टंट औरिल्स बनाने लगे हैं। रायगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने ऐसे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और रीलबाजों पर भी शिकंजा कसा है जो खतरनाक ड्राइविंग करते हुए वीडियो शूट कर ऑनलाइन अपलोड करते थे। पुलिस ने डिजिटल सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से ऐसे स्टंटबाजों की पहचान की और उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कानूनी प्रक्रिया अपनाते हुए उनके ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति की। पुलिस के इस डिजिटल प्रहार से अब रीलबाजों के होश फाख्ता हो गए हैं।

ट्रैफिक ए.एसपी पुष्पेंद्र बघेल की दो टूक चेतावनी..

इस बड़ी कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक जानकारी देते हुए ट्रैफिक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल ने बताया कि शहर की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था को बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि शहर में कानून का राज रहेगा और यातायात नियमों को तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। एएसपी बघेल ने बताया कि कुल 230 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड किए गए हैं और यह अभियान भविष्य में भी लगातार और अधिक आक्रामक तरीके से जारी रहेगा।

पुलिस प्रशासन के इस कड़े रुख से आम नागरिकों और कानून का पालन करने वाले शहरवासियों ने राहत की सांस ली है। इस कार्रवाई के बाद से शहर के मुख्य मार्गों और चौराहों पर हुड़दंगियों और तेज रफ्तार चालकों की गतिविधियों में भारी कमी देखने को मिल रही है, जिससे सड़क सुरक्षा के लिहाज से एक सकारात्मक माहौल बना है।