रायगढ़@TAKKAR न्यूज :- वनमंडल रायगढ़ के तत्वावधान में 2 से 8 अक्टूबर तक आयोजित 'वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह-2026' का विधिवत समापन गुरुवार को एक भव्य और विशाल बाइक जागरूकता रैली के साथ हुआ। बेजुबान वन्यजीवों की सुरक्षा, जैव विविधता के संरक्षण और जंगलों के पारिस्थितिकीय संतुलन को बनाए रखने का संदेश लेकर शहर की सड़कों पर उतरी इस रैली ने आम नागरिकों को पर्यावरण के प्रति उनकी नैतिक जिम्मेदारियों का अहसास कराया।

समापन अवसर पर आयोजित इस मुख्य कार्यक्रम में प्रशासनिक मशीनरी, पुलिस महकमे और नगर सरकार की मजबूत सहभागिता देखने को मिली। इस विशाल जागरूकता बाइक रैली को जिला कलेक्टर, वनमंडलाधिकारी (DFO), रायगढ़ एसएसपी, जिला पंचायत सीईओ, नगर निगम महापौर और नगर निगम सभापति ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली में वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों सहित युवाओं ने दोपहिया वाहनों पर जनजागरूकता से जुड़ी तख्तियां और बैनर लगाकर पूरे शहर का भ्रमण किया। वाहनों पर लगे स्लोगन— "वन्यजीव संरक्षण आज का निवेश है, आने वाली पीढ़ियों का सुरक्षित भविष्य है", "वन्यजीवों का मत करो शिकार, जीने का है इनको भी अधिकार" तथा "वन्यजीव हैं प्रकृति की शान, इनका संरक्षण है हमारी पहचान" पूरे मार्ग में आकर्षण और गहन चिंतन का केंद्र बने रहे।

जंगलों में एंटी-स्नेयर वॉक, अवैध शिकार पर हुई सख्त कानूनी कार्रवाई: डीएफओ

कार्यक्रम के दौरान वनमंडलाधिकारी (डीएफओ) ने मीडिया से रूबरू होते हुए सप्ताहभर चली मैदानी गतिविधियों का विस्तार से ब्यौरा साझा किया। उन्होंने बताया कि इस संरक्षण सप्ताह के दौरान वन अमले ने केवल जागरूकता तक सीमित न रहकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। जंगलों में शिकारियों द्वारा लगाए जाने वाले फंदों को नष्ट करने के लिए बड़े पैमाने पर 'एंटी-स्नेयर वॉक' चलाई गई।

डीएफओ ने कहा कि सघन गश्त और चौतरफा निगरानी के चलते वन क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाया गया है तथा शिकार के मामलों में प्रभावी कार्रवाई भी की गई है। इसके अलावा, नई पीढ़ी में वन्यजीवों के प्रति संवेदना और जिम्मेदारी की भावना जागृत करने के उद्देश्य से स्कूली बच्चों के बीच विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। समापन के अवसर पर इन प्रतियोगिताओं के उत्कृष्ट प्रतिभागियों और विजेताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

प्रकृति संरक्षण में सर्प रक्षक समिति की भूमिका सराहनीय, समाज भी निभाए जिम्मेदारी: महापौर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर निगम महापौर ने सेवा संकल्प अभियान के तहत पर्यावरण व वन्यजीवों के संवर्धन को समाज की सामूहिक प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि जंगल और उनमें विचरण करने वाले प्राणी हमारे पर्यावरण का अभिन्न हिस्सा हैं और इनकी रक्षा किसी एक विभाग तक सीमित न होकर हर नागरिक का कर्तव्य है।

इस दौरान महापौर ने विशेष रूप से सर्प रक्षक समिति की सक्रिय भागीदारी और उनके कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि रिहायशी इलाकों में सांपों या अन्य वन्यजीवों के प्रवेश करने पर सर्प रक्षक समिति के सदस्य अपनी जान जोखिम में डालकर उन्हें सुरक्षित रेस्क्यू करते हैं और वापस प्राकृतिक आवास में छोड़ते हैं। इस जागरूकता रैली में सर्प रक्षक समिति के सदस्यों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और आम जनता को वन्यजीवों के प्रति भयमुक्त होकर उनके संरक्षण में सहयोग देने का संदेश दिया।

रैली शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों, चौराहों और कॉलोनियों से होकर गुजरी, जहां जगह-जगह नागरिकों ने तालियों और नारों के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। सभी वरिष्ठ अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने इस सफल आयोजन के लिए वन विभाग और सहयोगी संस्थाओं को बधाई दी।