बस्तर (दंतेवाड़ा)@TAKKAR न्यूज :- छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग स्थित दंतेवाड़ा की शांत और हरी-भरी वादियों से एक ऐसी भयावह तस्वीर सामने आई है, जो किसी भी संवेदनशील इंसान की रूह को झकझोर देने के लिए काफी है। इसे महज एक सामान्य भूस्खलन या खनन दुर्घटना समझना सबसे बड़ी भूल होगी, बल्कि यह प्रकृति, पर्यावरण और सदियों से जल-जंगल-जमीन की रक्षा करने वाले आदिवासियों के अस्तित्व पर किया गया एक सीधा और गहरा प्रहार है। बैलाडीला के घने जंगलों में राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (NMDC) के खनन अपशिष्ट यानी ‘टेलिंग्स’ के पहाड़ ने ऐसी तबाही मचाई है, जिसके खौफनाक निशान कई किलोमीटर दूर तक पसरे हुए हैं।

डिपॉजिट-14 प्लांट से निकली करोड़ों टन गाद और जहरीले वेस्ट मटेरियल का पूरा पहाड़ खिसक कर नीचे आ गया है। इस भीषण त्रासदी की चपेट में आकर करीब 5 से 6 किलोमीटर लंबा और 1 किलोमीटर चौड़ा घना जंगल पूरी तरह मलबे के ढेर में तब्दील हो चुका है। यह तबाही इतनी भयानक है कि सदियों से कल-कल बहने वाले चार प्राकृतिक नाले इस जहरीले मलबे में हमेशा के लिए दफन हो गए हैं, और आज वहां केवल उन नालों के सूखे और बर्बाद अवशेष ही दिखाई दे रहे हैं।

लाखों पेड़ों की कब्रगाह बना जंगल, बेजुबान वन्यजीवों का मिटा नामोनिशान

जिस जगह पर कभी घने वृक्षों की छांव, पक्षियों की चहचहाहट और दुर्लभ जड़ी-बूटियों व फूलझाड़ू का संसार बसता था, आज वहां सिर्फ मौत जैसा सन्नाटा और दलदल का साम्राज्य है। जमीनी हकीकत यह है कि करोड़ों टन मिट्टी, डस्ट और गंदे पानी के इस सैलाब के नीचे हजारों-लाखों छोटे-बड़े पेड़-पौधे दबकर पूरी तरह नष्ट हो चुके हैं। इस इलाके के पूरे पारिस्थितिकी तंत्र (Ecosystem) की कमर टूट चुकी है।

इस भयावह मलबे के नीचे न जाने कितने बेजुबान वन्यजीव और नालों में रहने वाले जलीय जीव जिंदा दफन हो गए होंगे, इसका कोई अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि प्रकृति के इस इतने बड़े विनाश का कोई भी आधिकारिक आंकड़ा सरकार या प्रशासन के पास मौजूद नहीं है। विकास की अंधी दौड़ में हुए इस नुकसान की भरपाई आने वाली कई पीढ़ियां भी नहीं कर पाएंगी।

सच्चाई पर पहरा: एक हफ्ते बाद भी जांच टीम नदारद, पत्रकारों की एंट्री बैन

किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में जब इतनी बड़ी पर्यावरणीय आपदा आती है, तो सबसे पहले प्रशासन और विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करती है। लेकिन बैलाडीला के इस मामले में सिस्टम की चुप्पी कई गंभीर सवाल खड़े करती है। घटना को एक सप्ताह से ज्यादा का समय बीत जाने के बावजूद न तो जिला प्रशासन और न ही एनएमडीसी प्रबंधन का कोई स्वतंत्र जांच दल घटनास्थल तक पहुंचा है।

वैज्ञानिक आकलन करना तो दूर, उल्टा एनएमडीसी प्रबंधन और प्रशासन ने ‘खतरे’ का हवाला देकर पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। आम ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और विशेष रूप से मीडिया के घटनास्थल तक जाने पर सख्त प्रतिबंध लगा दिया गया है। सवाल यह उठता है कि आखिर प्रबंधन किस सच को दुनिया की नजरों से छिपाने की कोशिश कर रहा है? यदि यह महज एक प्राकृतिक हादसा है, तो फिर पत्रकारों को मौके पर जाने से क्यों रोका जा रहा है? 'द लेंस' की टीम ने जब स्थानीय आदिवासियों के साथ दुर्गम पहाड़ियों और घने जंगलों के बीच बिना रास्ते के करीब 8 से 10 किलोमीटर का पैदल और जोखिम भरा सफर तय किया, तब जाकर इस भयावह तबाही की असली तस्वीर दुनिया के सामने आ सकी।

क्या यह हादसा है या आदिवासियों को उजाड़ने की सोची-समझी साजिश?

इस त्रासदी ने पहाड़ की तलहटी में बसे ग्रामीणों को गहरे खौफ और दहशत में डाल दिया है। हिरौली पंचायत के पूर्व सरपंच कोसा और स्थानीय आदिवासी नंदा कुंजाम ने इस पूरे मामले में एनएमडीसी प्रबंधन पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का सीधा कहना है कि यह कोई आकस्मिक दुर्घटना नहीं है, बल्कि एक सोची-समझी रणनीति के तहत किया गया कृत्य है। ग्रामीणों का तर्क है कि पिछले 60 वर्षों से इस क्षेत्र में बारह महीने मूसलाधार बारिश होती रही है, लेकिन कभी भी अपशिष्ट का पहाड़ इस तरह नहीं धंसा। तो फिर आज अचानक ऐसा क्या हुआ कि करोड़ों टन मलबा सीधे जल स्रोतों और गांव की ओर बहा दिया गया?

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि जानबूझकर यहां वेस्ट मटेरियल डंप किया गया है ताकि प्राकृतिक जल स्रोतों को हमेशा के लिए बंद किया जा सके। ग्रामीणों का मानना है कि जब पानी के स्रोत सूख जाएंगे और चारों तरफ जहरीला दलदल फैल जाएगा, तो लोहा गांव समेत आसपास के आदिवासी खुद ही पलायन करने और अपनी पुश्तैनी जमीन छोड़कर भागने पर मजबूर हो जाएंगे। लोहा गांव के लोग पहले से ही वर्षों से खदान से निकलने वाला जहरीला ‘लाल पानी’ पीने को अभिशप्त हैं, जिसका सीधा और घातक असर मासूम बच्चों के स्वास्थ्य और ग्रामीणों के जीवन पर पड़ रहा है।

आस्था पर चोट और दर्जनों गांवों के डूबने का मंडराया महासंकट

यह संकट केवल पर्यावरण या विस्थापन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बस्तर के आदिवासियों की सदियों पुरानी आस्था और संस्कृति पर भी सीधा हमला है। मलबे का यह विनाशकारी सैलाब आदिवासियों के परम पूज्य देवस्थल ‘नंदराज पहाड़’ और ‘पिट मठा’ के बेहद करीब तक पहुंच चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि जिन जंगलों और पहाड़ों पर पीढ़ियों से उनका अधिकार रहा है, जहां वे वनोपज और झाड़ू एकत्र करने जाते थे, आज उसी अपनी ही धरती पर जाने के लिए उन्हें चोरों की तरह छिपकर दुर्गम रास्तों से आना पड़ रहा है।

आने वाला मानसून इस इलाके के लिए किसी महाप्रलय से कम साबित नहीं होगा। मलबे से बना यह विशाल दलदल ढलान के रास्ते लोहा गांव की सीमा को छू चुका है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जैसे ही तेज बारिश शुरू होगी, यह पूरा मलबा पानी के साथ बहकर लोहा गांव को पूरी तरह लील जाएगा और इसके बाद हंडरी, पुरिंगेल, तामोड़ी, मांड्री और बेंगपाल जैसे कई गांवों का अस्तित्व भी खतरे में पड़ जाएगा।

आर-पार की लड़ाई के मूड में बस्तर, बड़े जनआंदोलन की सुगबुगाहट

एक तरफ प्रकृति का विनाश हो रहा है, तो दूसरी तरफ ग्रामीणों ने डिपॉजिट-4 और डिपॉजिट-13 में फर्जी ग्रामसभा प्रस्तावों के आधार पर खनन शुरू कराने और निजी कंपनियों को क्षेत्र सौंपने की तैयारियों के खिलाफ भी मोर्चा खोल दिया है। स्थानीय आदिवासी समाज के पदाधिकारियों और ग्रामीणों के बीच लगातार बैठकों का दौर जारी है। आदिवासियों ने स्पष्ट कर दिया है कि वे किसी भी कीमत पर एनएमडीसी की गलतियों का खामियाजा अपनी जान और जमीन देकर नहीं भुगतेंगे।

आज सबसे बड़ा यक्ष प्रश्न यह है कि क्या शासन-प्रशासन कुंभकर्णी नींद से जागकर इस पर्यावरणीय नरसंहार की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराएगा, या फिर मुनाफे और खनन के शोर में बस्तर की नदियों, जंगलों और बेबस आदिवासियों की चीखों को हमेशा के लिए दफन कर दिया जाएगा?